देश की रक्षा के लिए जान देने वाले वीरों को राष्ट्र सदैव याद रखेगा : गणेश गोदियाल

Share

देहरादून :- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में ध्वजारोहण कर वीर शहीदों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए जान देने वाले वीरों को कृतज्ञ राष्ट्र उन्हें सदैव याद करता रहेगा।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह भी उपस्थित रहे। कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान गाते हुए ध्वज को सलामी दी तथा मिष्ठान वितरण किया गया। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से स्वतंत्रता मार्च निकाला गया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिन आदर्शों, सिद्धांतों और मूल्यों के लिए देश के रणबांकुरों ने अपने प्राण दिए थे उन मूल्यों की रक्षा का कार्य कांग्रेस करती रही है और करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश को विकास की दिशा और नए आयाम देने का कांग्रेस ने काम किया है। हमें यह कहने में गर्व हैं कि पूरे देश के अन्दर कांग्रेस ही एक ऐसा राजनैतिक दल है जिसने उन मूल्यों और सिद्धांतों की रक्षा के लिए सबसे अधिक कुर्बानी दी है।

उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत को एक आर्थिक शक्ति के रूप में देख रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के रूप में कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादा में रहते हुए जनभावनाओं के अनुरूप केन्द्र व राज्य की वर्तमान सरकारों पर सही दिशा में चलने के लिए दबाव बनाए रखेगी।

गणेश गोदियाल ने कहा कि आज भारत के पड़ोसी देशों की ओर से देश की सीमाओं पर जिस प्रकार का माहौल बनाया जा रहा है वह चिंता का विषय है लेकिन भारत के वीर सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सदैव तत्पर हैं।

उन्होंने कहा कि हम राज्य निर्माण के आन्दोलनकारियों को भी बधाई देते हैं जिनके संघर्ष और बलिदान से उत्तराखण्ड राज्य की प्राप्ति हुई है। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने स्व. राजीव गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।