भाजपा और कांग्रेस दोनों आम आदमी पार्टी से परेशान : अजय कोठियाल

Share

देहरादून :- आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने भाजपा एवं कांग्रेस पर निशाना साधा है। गुरुवार को कोठियाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दौरे से बेचैन हैं और उल जलूल बयान दे रहे हैं।

कोठियाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी घोषित करने की जो घोषणा की है वह अपने आप में विशेष है लेकिन यह घोषणा दोनों अन्य राष्ट्रीय दलों को रास नहीं आ रही है।

उन्होंने कहा कि मुझसे मेरी संस्था यूथ फाउंडेशन को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने जो प्रश्न किए हैं वह भी उनके खिन्न होने की बात बताते हैं। दोनों दलों में आम आदमी पार्टी को लेकर बेचैनी है। वह उनके बयानों से समझी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत यूथ फांउडेशन कैंप में एक बार नहीं अनेक बार आ चुके हैं। यह फाउंडेशन उत्तरकाशी में आयी आपदा के दौरान लोगों की मदद के लिए बनाया गया था। हमारे सहयोगी निरंतर लोगों की मदद कर रहे हैं। हम यूथ फाउंडेशन के जरिये युवाओं को रोजगार दे रहे।

उन्होंने कहा कि युवाओं को कैसे रोजगार देना है यह चिंतन का विषय है। भाजपा और कांग्रेस दोनों सार्वजनिक मंच पर मुझसे यह प्रश्न करें तो मैं उन्हें रोजगार देने के रास्ते बताऊंगा। उत्तराखंड की सबसे बड़ी समस्याओं में पलायन और रोजगार दोनों शामिल है। कोठियाल के अनुसार इन दोनों समस्याओं का निदान आम आदमी पार्टी कर सकती है।