विकास योजनाओं क क्रियान्वयन और स्वरोजगार पर रहेगा फोकस : डाॅ. राजेश

Share

– तमिलनाडु निवासी व 2007 बैच के अधिकारी डॉ राजेश ने संभाला जिलाधिकारी का कार्यभार

देहरादून :- नवागत जिलाधिकारी डाॅ. आर राजेश कुमार ने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिकतम लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।

मंगलवार को जिलाधिकारी डाॅ. कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर पदभार ग्रहण किया। इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने कोषागार पहुंचकर डबललाॅक का निरीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर कोषागार का चार्ज ग्रहण किया। चार्ज लेने के बाद जिलाधिकारी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि राजधानी का जिलाधिकारी होने के चलते उनके समक्ष कई चुनौतियां भी हैं। इसक लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सहयोग प्राप्त कर हर चुनौती का सामना किया जाएगा। केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने पर उनका विशेष फोकस रहेगा।

उन्होंने कहा कि लोक सेवक का दायित्व जनता की सेवा करना है। जन समस्याओं का त्वरित गति से समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। जिन समस्याओं का समाधान शासन स्तर पर होना है, ऐसे समस्याओं के निदान के लिए सीएम डेशबोर्ड का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से मधुर व्यवहार करने के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही कोरोना काल में मानव जीवन को बचाना भी नितांत आवश्यक है। डेंगू व आपदा प्रबन्धन के क्षेत्र में राज्य सरकार की एसओपी का पूर्णरूप से परिपालन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना के तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सृदृढ़ करने के साथ ही मानसून के दौरान आईआरएस सिस्टम को अलर्ट रखा जायेगा। जनपद के चकराता, त्यूनी, कालसी जैसे दुर्गम स्थलों पर खाद्यान का संकट न हो इसके लिए गोदामों में खाद्यान की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी डाॅ. कुमार 2007 बैच के अधिकारी हैं। वे मूलतः तमिलनाडु के रहने वाले हैं। सिविल सर्विसेज से पूर्व वेटनरी चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पूर्व वे उत्तरकाशी एवं पिथौरागढ़ में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिलाधिकारी के पद कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में शासन स्तर कई अहम पदों पर अपनी सेवायें दे चुके हैं।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी नितिका खण्डेलवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीर सिंह बुदियाल, अपर जिलाधिकारी वि/रा गिरीश चन्द्र गुणवंत, नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, मुख्य कोषाधिकारी रोमिल चौधरी आदि उपस्थित रहे।