बीजेपी आज लखनऊ में बनाएगी चुनाव रणनीति

Share

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश पदाधिकारियों की गुरुवार को हुई बैठक में मिशन-2022 की रणनीति पर मंथन हुआ। तय किया गया कि पार्टी बूथस्तर तक लगातार सेवा कार्यक्रम जारी रखेगी। वहीं यूपी व केंद्र सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए संगठन की पूरी टीम को लगाया जाएगा। इसी के साथ शुक्रवार को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की रूपरेखा तय की गई। बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल नहीं हुए।भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुई तैयारी बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, संगठन महामंत्री सुनील बंसल आदि मौजूद रहे।प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि बैठक में 16 जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेगें।राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दिल्ली मंच से केन्द्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय व स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह जुड़ेंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चों के अध्यक्ष, लखनऊ से कार्यसमिति के सदस्य जुड़ेंगे।चार सत्रों में होगी बैठकश्री राठौर ने बताया कि शुक्रवार 16 जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक चार सत्रों में होगी। पहले उद्घाटन सत्र को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा संबोधित करेंगे। दूसरे सत्र में शोक प्रस्ताव व राजनीतिक प्रस्ताव का होगा। इस सत्र में प्रभारी राधा मोहन सिंह राजनीतिक प्रस्ताव लगाएंगे। तीसरे सत्र में आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। प्रदेश कार्यसमिति का चतुर्थ सत्र समापन सत्र होगा, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेगें।बैठक में डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश सहसंगठन महामंत्री कर्मवीर, प्रदेश सहप्रभारी सत्या कुमार, संजीव चौरसिया सहित उत्तर प्रदेश से पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व मोर्चों के अध्यक्ष सम्मिलित हुए। बैठक में आगामी कार्ययोजना व अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में शुक्रवार को होने वाली पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे व अन्य विषयों पर चर्चा कर प्रदेश कार्यसमिति की रूपरेखा तैयार की गई।