गाजियाबाद। हाइकोर्ट के निर्देश के बाद शनिवार को ग्राम पंचायत चुनाव के पदों के लिए जिला स्तर पर आरक्षण सूची का प्रकाशन किया गया है। पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष की जारी हुई आरक्षण सूची में कोई बदलाव नहीं किया गया, क्षेत्र पंचायत सूची में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है लेकिन जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों की सीटों में भारी फेरबदल हुआ है।
जिला पंचायत सदस्यों की एक सीट – भोजपुर वार्ड-1 को छोड़कर बाकी सभी 13 सीटों के आरक्षण में बदलाव हुआ है। पूर्व में जारी हुई जिला पंचायत सदस्य की भोजपुर वार्ड-3, मुरादनगर वार्ड-5, मुरादनगर वार्ड-6, मुरादनगर वार्ड-7, रजापुर वार्ड-11 की सीट सामान्य की गई थीं लेकिन आज जारी हुई इन सभी सीटों को महिला व अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है यानि इन सीटों के सामान्य होने पर जो भावी प्रत्याशी चुनाव लडऩे का मन बना चुके हैं, उनको इस नई सूची के जारी होने से करारा झटका लगा है।
यही स्थिति ग्राम प्रधानों की सीटों को लेकर भी है। यहां करीब 50 फीसदी सीटों के आरक्षण में बदलाव हुआ है। लोनी ब्लॉक की इलायचीपुर व हकीकतपुर सीट के खिलाफ सबसे अधिक आपत्ति पूर्व सूची जारी होने पर आई थी। पूर्व में इलायचीपुर की सीट अनुसूचित जाति और हकीकतपुर की सीट पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित की गई थी जिसे लेकर बड़ी संख्या में आपत्तीयां दी गईं थीं लेकिन अब जारी हुई सूची में दोनों सीटों को सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।