गाजियाबाद। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साहिबाबाद स्थित करन गेट पुलिस चौकी के सामने चौराहे पर बलिदानी मेजर मोहित शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह (राज्य मंत्री भूतल परिवहन व राष्ट्रीय राजमार्ग) भी साथ रहे।इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने मेजर मोहित शर्मा के अदम्य साहस और वीरता की चर्चा करते हुए कहा कि
इनके जैसे जांबाज के कारण ही यह देश सुरक्षित है व उनके शौर्य को यह देश कभी नहीं भूलेगा। हमारा दायित्व मेजर मोहित शर्मा जैसे सभी वीर बलिदानीयों के परिजनों की सामान्य समस्याओं के निवारण में सदैव सहयोगी बनें।
जनरल वीके सिंह ने भी उनके अदम्य साहस की चर्चा करते हुए उनके साथ बिताए गए कई अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि मैंने ये सोचा भी नहीं था कि एक दिन उस क्षेत्र का सांसद बनूंगा जहां से यह जाबांज था। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मेजर मोहित शर्मा के परिवार से उनकी माता सुशीला शर्मा, पिता राजेन्द्र प्रताप शर्मा, दादा श्री दयानंद शर्मा व उनके बड़े भाई मधुर शर्मा जो कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गाजियाबाद के विभाग प्रचार प्रमुख हैं वह भी उपस्थित रहे ।बता दे कि 21 मार्च 2009 को कुपवाड़ा में मेजर मोहित शर्मा ने अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान किया।
विशिष्ट वीरता, प्रेरक नेतृत्व और कर्तव्य की पुकार से परे असाधारण साहसी कार्य के लिए, उनको (मरणोपरांत) 26 जनवरी 2010 को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं मेजर मोहित शर्मा के बलिदान पर बॉलीवुड में एक फिल्म पर काम चल रहा है जिसके वर्ष-2022 के मध्य में रिलीज होने की संभावनाएं है। इस अवसर पर कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से अशोक बेरी (अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य), विजय गोयल (प्रान्त सम्पर्क प्रमुख), वेदपाल (प्रान्त सह-संपर्क प्रमुख), तपन (प्रान्त संगठन मंत्री, विद्या भारती) के साथ अन्य पदाधिकारी, स्थानीय विधायक, मेयर, पार्षद व क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।