नगर निगम में गूंजा टेंडर का मामला, मेयर ने लिख दिया नगर आयुक्त को लैटर

Share

गाजियाबाद। नगर निगम में दुहाई श्मशान घाट का मामला गूंज रहा है। इस श्मशान घाट के लिए 20 लाख रूपये का टेंडर निकाला गया था। लेकिन पता ये चला कि टेंडर से पहले ही वहां पर निर्माण कार्य शुरू हो गया। टेंडर फाइनल होने से पहले ही यहां पर एक ठेकेदार ने निर्माण शुरू करा दिया था। यह जानकारी बाहर आ गयी और फिर जब मीडिया में ये मुद्दा उछला तो निगम में तूफान आ गया। मेयर ने इस पर संज्ञान लिया है।

अब जब ये मामला सामने आया है तो मेयर आशा शर्मा भी निगम की मुखिया होने के नाते इस मामले पर सामने आई हैं। उन्होंने पहले भी नाराजगी जताई थी और अब उन्होंने सीधे नगर आयुक्त को पत्र लिखा और उन से लिखित में पूछा है कि नगर निगम के वार्ड 46, ग्राम दुहाई में अंत्येष्टि स्थल के लिए 20 लाख रूपये की धनराशि का टेंडर तय किया गया था। उसी के अनुसार टेंडर निकाले गये थे लेकिन टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही वहां काम शुरू हो गया।

इसका मतलब काफी स्पष्ट है और इस प्रकरण की जांच होना अति आवश्यक है। ठेकेदार को कैसे पता था कि उसे ही टेंडर मिलेगा। अब इस टेंडर को निरस्त करके पुन: नये सिरे से आंकलन करके टेंडर निकाला जाये और मूल पत्रावली मेयर के समक्ष प्रस्तुत की जाये।