सोसाइटी के पूर्व एओ ने दी आईटी प्रोफेशनल को परिवार समेत जान से मारने की धमकी - सरस जनवाद

सोसाइटी के पूर्व एओ ने दी आईटी प्रोफेशनल को परिवार समेत जान से मारने की धमकी

Share

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक की एक सोसाइटी के पूर्व एओ ने कंपनी के आईटी प्रोफेशनल को परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी है। बेसबॉल का डंडा हाथ में लेकर साथी के साथ पहुंचने की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। धमकी से जहां परिवार डरा सहमा है, वहीं मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

क्रॉसिंग रिपब्लिक की सवियर ग्रीन सोसाइटी में टीकाराम चौधरी परिवार के साथ रहते हैं। वह नोएडा की एक कंपनी में आईटी प्रोफेशनल है। उन्होंने बताया कि सोसाइटी की बेसमेंट में एक कोने से काफी बदबू आ रही थी। जिस पर उन्होंने उसका फोटो खींचकर सोसाइटी के मीडिया ग्रुप पर डाल दिया और संबंधित लोगों से सफाई कराने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि जिस समय उन्होंने गंदगी का फोटो खींचा, उस समय वहां सोसायटी में रहने वाले अभय कुमार सिंह की कार खड़ी थी। जिसका भी फोटो आ गया। फोटो सोसाइटी के मीडिया ग्रुप पर वायरल हुई तो अभय कुमार सिंह अपनी गाड़ी देखकर भड़क गया और मंगलवार की रात करीब 11:00 बजे अपने साथी रोहित नैयर के साथ हाथ में बेसबॉल का डंडा लेकर पहुंचा और गाली गलौज करते हुए मुझे परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी।

उन्होंने बताया कि धमकी और गाली गलौज से वह और उनका परिवार ढल गया था। जिसके चलते उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में अभय कुमार सिंह सोसाइटी का एओ था। इसके बाद दबंग होने के चलते उसने चुनाव नहीं होने दिया। आरोप है कि अभय कुमार सिंह के खिलाफ विजय नगर थाने में कई मुकदमें दर्ज हैं। थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।