गाजियाबाद। किसानों द्वारा भारत बंद का आह्वान किया गया था जिसको लेकर विभिन्न राजनीतिक दल भी लगातार सक्रिय हो गए। ऐसे में भारत बंद सफल रहा या असफल रहा इसको लेकर सत्तारूढ़ दल भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच वाक युद्ध शुरू हो गया है। इस संबंध में जहां भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने भारत बंद को असफल बताया तो सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक ने भारत बंद को पूरी तरह से सफल बताया है।
सम्मान में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि आमतौर पर मंगलवार को गाजियाबाद के विभिन्न बाजार बंद रहते हैं लेकिन गाजियाबाद वासियों ने इस आह्वान को पूरी तरह से विफल करने के लिए साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद भारी संख्या में दुकानें खोली और विपक्षियों को बता दिया कि क्षेत्र की जनता का भाजपा में अटूट विश्वास है और उन्हें पता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हित में ही कानून बनाए हैं। ऐसे में विपक्ष निम्न स्तर की राजनीति कर रहा है और किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। निश्चित रूप से गाजियाबाद में भारत बंद आह्वान का असर नहीं दिखाई दिया। जिसके चलते कहा जा सकता है कि देश की जनता विपक्ष की गंदी राजनीति को समझ चुकी है।
उन्होंने सभी व्यापारी का हार्दिक आभार प्रकट करते हुए कहा कि आज देश मजबूती की राह पर चल रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को हर हालत में लागू करा रही है। जिसके चलते गरीबों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ना पहुंचाने की गरज से कुछ लोग राजनीतिक बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं। वही इस संबंध में सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक ने कहा कि भाजपा की नीतियां जन विरोधी हैं, किसान विरोधी हैं, युवा विरोधी हैं, मजदूर विरोधी हैं। ऐसे में आज पूरा देश लामबंद हो चुका है और व्यापक स्तर पर देश के 10 राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
योगी सरकार को जब जब डर लगता है तब तब वह दमनकारी नीति अपनाते हुए पुलिस का सहारा लेती है। योगी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है जबकि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त कर रही है लेकिन समाजवादी पार्टी के हर सिपाही को पता है कि अन्नदाता का सम्मान और समर्थन बेहद आवश्यक है। ऐसे में हम सब एकजुट होकर किसानों के साथ खड़े हैं। यह आर पार की लड़ाई है और इस लड़ाई में निश्चित रूप से अन्नदाताओं की जीत होगी। मोदी सरकार को काले कानून वापस लेना ही होंगे।