भाजपा में जल्द घोषित होंगीं मोर्चा प्रकोष्ठ हो की टीम

Share

लखनऊ। आगामी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सरकार के साथ प्रदेश भाजपा भी सक्रिय हो गई है। इसी के तहत संगठन को चुस्त-दुरूस्त बनाने के लिए प्रदेश भाजपा के मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों की टीम की घोषणा शीघ्र होने वाली है। लगभग डेढ़ साल से भारतीय जनता युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम की घोषणा नहीं की गई है। इसके अलावा व्यापार प्रकोष्ठ, मीडिया प्रकोष्ठ, आईटी विभाग, मीडिया विभाग सहित अन्य प्रकोष्ठ और विभागों की टीमें भी गठित नहीं हुई हैं।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 28-29 दिसंबर को लखनऊ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे मोर्चों, प्रकोष्ठ और विभागों के अध्यक्षों, प्रभारियों और पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। लिहाजा उनके आने से पहले नई टीमें घोषित करने के लिए पार्टी के रणनीतिकारों के बीच मंथन शुरू हो गया है।युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के लिए जातिगत समीकरण बैठाने को लेकर मशक्कत चल रही है। तीन-चार दिन में सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों की टीमों के गठन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का कहना है कि अगले दो-चार दिन में मोर्चों, प्रकोष्ठ और विभागों की टीम घोषित की जाएगी।