छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार को बेरहमी से पीटा - सरस जनवाद

छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार को बेरहमी से पीटा

Share

पुलिस पर तत्काल कार्रवाई न करने का आरोप

गाजियाबाद :- थाना विजय नगर क्षेत्र के सिद्धार्थ विहार में तीन युवकों द्वारा 10वीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार को बेरहमी से पीटने का मामला प्रकाश में आया है। हमले में छात्रा, उसके माता पिता, भाई और जीजा घायल हो गए।

शोर-शराबा होने पर मौके पर पहुंचे लोगों को देखकर हमलावर फरार हो गए। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

सिद्धार्थ विहार में रहने वाली दसवीं की छात्रा सोना शुक्रवार की रात घर से पड़ोस में ही स्थित दुकान पर दूध लेने के लिए जा रही थी। रास्ते में ही शरद, रोहित, ऋषभ ने घेर लिया और छेड़छाड़ करने लगे। जब इसका सोना के पिता रतिराम ने विरोध किया तो उनके साथ लाठी-डंडे और सरिए से जमकर मारपीट की गई। बीच बचाव में आए सोना, उसकी मम्मी, भाई पुष्पेंद्र सिंह और जीजा मनजीत कुमार के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। जिससे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

शोर शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों को देखकर हमलावर फरार हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। आरोप है कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई करने में ढिलाई बरती। उधर पुलिस का कहना है कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।