मुंबई:- महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना नेता संजय राउत की शनिवार को हुई मुलाकात से कोंग्रेस में हलचल मच गई है। देवेंद्र फडवीस का इस तरह संजय राउत से मिलने पर कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने शिवसेना पर सवाल उठाते हुए कहा है कि ये मुलाकात शिवसेना का राजनीतिक व्यभिचार है।
इस मुलाकात को निरुपम ने राजनीतिक व्यभिचार करार देते हुए आशंका जताई है कि कांग्रेस ने अपने विचार, धर्म, व्यवहार सबकुछ छोड़कर सत्ता के लिए जिसके साथ भागीदारी की है, वह शिवसेना कांग्रेस को कभी भी धोखा दे सकती है।

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा, ‘केंद्र के किसान बिल का संसद के दोनों सदनों में कांग्रेस और एनसीपी ने विरोध किया, लेकिन शिवसेना राज्य के मुख्यमंत्री ने बिल का समर्थन किया। इस पर मेरा कहना है कि कांग्रेस ने अपने विचार, धर्म, व्यवहार सबकुछ छोड़कर सत्ता में भागीदार बनने के लिए जिसके साथ भागीदारी की है, वो शिवसेना कभी भी धोखा दे सकती है।
निरुपम ने कहा, ‘कांग्रेस इस सरकार में आकर फंस गई है। शिवसेना के साथ ज्यादा नहीं चलेगी। महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए वे निजी स्वार्थ के साथ आए हैं। बता दें कि मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम शुरू से ही शिवसेना के साथ मिलकर कांग्रेस की सरकार बनाने के फैसले के खिलाफ रहे हैं।
कांग्रेस में आने से पहले निरुपम शिवसेना में ही थे, लेकिन अब वह शिवसेना के खिलाफ काफी आक्रामक हैं। बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के गठबंधन वाली महाविकास अघाड़ी सरकार बनने के बाद देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना सांसद संजय राउत के बीच शनिवार को मुलाकात हुई। दोनों की मुलाकात मुंबई के एक होटल में हुई थी, जिसके बाद से राज्य की सियासत में हलचल मच गई।