गाजियाबाद :- बारिश के चलते जहां जलभराव से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं लोनी और खोड़ा ऐसे क्षेत्र हैं जहां जीवन बिल्कुल नरकीय हो चुका है। क्षेत्र में जलभराव एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आया है लेकिन बड़ी बात यह है कि बारिश खत्म होने के बाद भी कई जगह पानी जमा रहता है जो कि जल जनित बीमारियों का कारण बन सकता है। ऐसे में भाजपा उपाध्यक्ष एवं खोड़ा क्षेत्र निवासी चमन चौहान का कहना है कि क्षेत्रवासियों ने जिस तरह से पार्टी का साथ दिया है, उसके चलते क्षेत्रवासी और अधिक सुविधा पाने के अधिकारी हैं।
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष चमन चौहान ने संबंध में कहा कि पूरे क्षेत्र में पानी की निकासी एक बड़ी समस्या है। बरसात का पानी जगह जगह जमा हो जाता है। जिससे जलभराव की स्थिति कई दिन तक बनी रहती है। जहां सबसे बड़ी समस्या यह हो जाती है कि गंदे पानी में कीटाणु उत्पन्न होते हैं। जो कि बीमारियों का कारण बनते हैं। क्षेत्र के लोग इस संबंध में कई बार अपनी पीड़ा बयान कर चुके हैं लेकिन विकास गति उतनी तेज नहीं है जिसके चलते क्षेत्रवासियों को पूरी तरह से आराम मिल सके। दरअसल गत सरकारों ने खोड़ा क्षेत्र की भरसक अनदेखी की थी। यहां के लाखों वोट हासिल करने के बावजूद भी क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किए गए थे। नगर पालिका बनने के बाद अब विकास कार्यों में तेजी आई है लेकिन इसे और अधिक तेज करने की आवश्यकता है। श्री चौहान ने कहा कि लोकसभा, विधानसभा, नगर पालिका चुनाव में क्षेत्र की जनता भाजपा को भरपूर स्नेह और सहयोग प्रदान कर दी है। ऐसे में अब हमारा कर्तव्य बनता है कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को अति शीघ्र दूर करने का काम करें। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र वासियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं के निराकरण का भरसक प्रयास करते हैं। साथ ही कोशिश करते हैं कि नगर पालिका से भी समन्वय स्थापित कर लोगों की भरपूर मदद की जाए।
गौरतलब है कि खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र में जलभराव व गंदगी सहित कई गंभीर समस्याएं बनी हुई है। जिसकी ओर ध्यान देने के बजाय क्षेत्र में जमकर राजनीति हो रही है। जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।