गाजियाबाद। अपह्रत बिल्डर विक्रम का 2 महीने बाद भी कोई सुराग न लगने से क्रोधित विक्रम त्यागी न्याय मंच और बिल्डर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को राजनगर में विधायक अजीत पाल त्यागी का उनके आवास पर घेराव किया और मामले से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इससे पहले सभी पदाधिकारी राजनगर सेंटर पार्क पर एकत्र हुए और वहां से विधायक के घर पहुंचे। विधायक ने पदाधिकारियों को हरसंभव मदद का आश्वासन देने के साथ मामले को लेकर अधिकारियों से बातचीत करने को कहा है।
बता दें कि 26 जून को राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले बिल्डर विक्रम त्यागी का अपहरण हो गया था। वह शाम को अपने पटेल नगर से घर के लिए निकले थे। अगले दिन उनकी कार मुजफ्फरनगर में मिली थी। कार में खून के निशान थे। डीएनए टेस्ट में खुलासा हुआ था कि कार में मिला खून विक्रम त्यागी का ही था। जिसका मिलान उनके माता-पिता के खून से हुआ था। विक्रम त्यागी का पता लगाने में पुलिस के साथ एसटीएफ भी लगी हुई है, लेकिन अभी तक दो महीने बीत जाने के बाद भी विक्रम त्यागी का कुछ पता नहीं चल सका है।

विक्रम त्यागी प्रकरण को लेकर धरना प्रदर्शन भी चला। पुलिस प्रशासन के खिलाफ हंगामा भी किया गया। जुलूस भी निकाला गया। बावजूद इसके विक्रम त्यागी का कुछ पता नहीं चल सका। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कुछ सुराग मिले हैं। जिन पर काम किया जा रहा है। विक्रम त्यागी का जल्द पता लगा लिया जाएगा। इसी क्रम में विक्रम त्यागी न्याय मंच और बिल्डर एसओ धन के पदाधिकारियों ने बुधवार को राजनगर एक्सटेंशन की केडीबी ग्रेड सवाना सोसाइटी में बैठक की थी। जिसमें विधायक अजीत पाल का घेराव करने का निर्णय लिया गया था। घेराव करने के दौरान एओए फेडरेशन के अध्यक्ष राजकुमार त्यागी, अजय त्यागी, आशीष त्यागी, संजीव त्यागी, राजदेव त्यागी, राहुल त्यागी, माधव सिंह व अजय त्यागी आदि मौजूद रहे।