गाजियाबाद : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मेयर से वीडियो कॉन्फ्रेंस कर जाना शहर का हाल

Share

गाजियाबाद :- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को गाजियाबाद की मेयर आशा शर्मा से वीडियो कॉन्फ्रेंस कर शहर का हाल जाना। सिंह ने निर्देश दिए कि लॉकडाउन के दौरान गरीबों व असहायों की भरपूर मदद की जाये और किसी को भी किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। रविवार को मेयर के पास अचानक मैसेज आया कि प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह वीडियो कॉफ्रेंस के जरिये वार्ता करेंगे। इसके बाद उन्होंने वार्ता की।

वार्ता के बाद मेयर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने उनसे कहा कि फुटपाथ पर रहने वाले लोग, रिक्शा चालक, दिहाड़ी मजदूर, खोखे, रेहड़ी-पटरी वालों की सूची बनाकर उनको राशन वितरित किया जाए। साथ ही प्रत्येक राशन की दुकान पर सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन का पालन कराने के लिए उसी मंडल, सेक्टर में रहने वाले कार्यकर्ता प्रशासन से अनुमति लेकर लगाए जाएं और एनजीओ से बात करके फेस कवर व मास्क बनवाये जाए और उन्हें वितरित कराया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोग्य सेतु एप ज्यादा से ज्यादा डाउनलोड करवाने को कहा और लोगों से अपील की कि  प्रधानमंत्री केअर फण्ड में अधिक लोग दान देने के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा। साथ ही नगर निगम में मेडिकल हेल्पलाइन शुरू करने को कहा ताकि लोग डॉक्टर एवं हॉस्पिटल की जानकारी हासिल कर सकें और जरूरत पड़ने पर लोग उन डॉक्टरों से इलाज करा सकें। जिनके राशन कार्ड नही है, उनके राशन कार्ड बनवाये जाएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि गर्मी बढ़ने वाली है, पीने के पानी की व्यवस्था सुदृढ़ की जाये और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर हाथ धोने के लिए पानी के टैंकर एवं साबुन की व्यवस्था कराए। मेयर ने प्रदेश अध्यक्ष के दिशा निर्देशों को अमल में लाने का आश्वासन दिया।