अगले 72 घंटे के लिए भारी बारिश का मौसम विभाग का अलर्ट, आज हो सकती है दिल्ली में हल्की बरसात

Share

मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी की चेतावनी जारी की है। देहरादून, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट है। 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना। वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को हल्की बरसात हो सकती है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड बनी रहेगी। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार दिनभर धूप खिली रही। 

दिल्ली में पिछले दो दिनों से रात के समय तेज हवा के साथ बरसात हो रही है। बुधवार रात भी दिल्ली के कई हिस्सों में बरसात हुई थी। इसके बाद गुरुवार सुबह से राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली रही। हालांकि लगातार हो रही बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते तापमान अब भी सामान्य से कम बना हुआ है। दिल्ली के सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र में गुरुवार का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम है।

एक सप्ताह में 30 पार होगा पारा : तीन पश्चिमी विक्षोभों के एक के बाद एक करके आने के चलते फिलहाल ठंड का अहसास बना हुआ है। लेकिन 18 मार्च तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने का संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार के दिन भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बरसात हो सकती है।

शुक्रवार का दिन का तापमान 14 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तेज हवाओं के चलते दिल्ली की हवा अपेक्षाकृत साफ-सुथरी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 127 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी 

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी से दोनों राज्यों में राजमार्ग बंद हो गए। रामबन और उधमपुर जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण गुरुवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। वहीं, शिमला में बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-5 समेत कई सड़कें बंद हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जम्मू- श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। 270 किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है। कश्मीर घाटी के लिए द्वार माने जाने वाली जवाहर सुरंग पर रात भर बर्फबारी हुई जबकि उधमपुर जिले में खेरी क्षेत्र और बनिहाल-रामबन इलाके में पूरी रात बारिश होने के कारण कई जगह भूस्खलन हो गया। ऐसे में पहले से राजमार्ग बहाली को लेकर किया जा रहा कार्य भी बाधित हुआ। रामबन, बनिहाल, उधमपुर, जम्मू और कठुआ जिलों के बीच करीब 1500 वाहन फंस गए। बर्फ हटाने और भूस्खलन के मलबे को हटाने का काम जारी है। 

उधर, हिमाचल प्रदेश के कुफरी, नरकंडा, किन्नौर और खड़ापत्थर समेत विभिन्न इलाकों में रातभर हुई बर्फबारी और शिमला में बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-5 समेत कई सड़कें बंद हो गईं। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को बारिश और बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की है। राज्य के अधिकतर इलाकों में घने बादल छाए रहेंगे।

केदारनाथ में फिर बर्फबारी, ठंड बढ़ी 

गुरुवार को केदारनाथ धाम में फिर से बर्फबारी हुई जबकि बीती रात और गुरुवार सुबह मुख्यालय सहित अनेक स्थानों पर बारिश हुई। हालांकि 11 बजे बाद मौसम साफ होने से धूप खिली रही। जिले में मौसम दो दिनों से ठंडक भरा है। केदारनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चन्द्रशिला सहित अनेक ऊंची पहाड़ियों में सुबह के समय हल्की बर्फबारी हुई। बारिश और बर्फबारी से धाम के साथ निचले इलाकों में मौसम ठंडा हो गया। मुख्यालय सहित तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, जखोली, मयाली, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली, फाटा, चोपता, चोपड़ा आदि स्थानों में बारिश होने से फिर से ठिठुरन बढ़ गई है।