एक और वीडियो वायरल दिल्ली दंगों का, बाकियों की जांच भी अभी जारी

Share

दिल्ली हिंसा के दौरान और उसके बाद कई लोगों की जान गई। ऐसे में हिंसाग्रस्त क्षेत्रों के कई वीडयो भी वायरल हुए थे। ऐसे में अब चांदबाग का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में 24 फरवरी को हिंसा के दौरान उपद्रवी पुलिस टीम पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस हमले में डीसीपी अमित शर्मा, एसपी अनुज शर्मा और सिपाही रतन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिपाही रतन लाल की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि डीसीपी का उपचार चल रहा है। एसीपी अनुज शर्मा की हालत में भी सुधार हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अबतक 15 लोगों से पूछताछ की है। मुख्य आरोपी की अभी तलाश है। इसके अलावा चार और वीडियो पहले ही वायरल हुए थे।

भजनपुरा : वायरल वीडियो 24 फरवरी का है। इसमें उपद्रवी भजनपुरा के दिल्ली डीजल्स पेट्रोल पंप पर आग लगाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने चारदीवारी से पीछे की छत पर चढ़कर अपनी जान बचाई थी। पेट्रोल पंप के आसपास मौजूद गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया था। मामला दर्ज कर पुलिस ने अबतक 21 लोगों से पूछताछ की है। अभी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मौजपुर चौक : वायरल वीडियो में 24 फरवरी को हिंसा के दौरान आरोपी शाहरुख हाथ में पिस्टल लहराते हुए पुलिसकर्मी की ओर बढ़ता है। पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल दीपक दहिया उसे रोकने का प्रयास करता है। इसके बाद भी वह ताबड़तोड़ फायरिंग करता हुआ दिख रहा है। पुलिस ने आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से पुलिस ने उसकी कार भी बरामद कर ली है। 

मौजपुर विजय पार्क : वायरल वीडियो 25 फरवरी का है। इसमें एक युवक पिस्टल लेकर गली के सामने पहुंचता है और ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद भाग जाता है। घटनास्थल के पास कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहा है। यह वीडियो 05 मार्च को वायरल हुआ है। इसकी अभी जांच चल रही है। फरार आरोपी का फिलहाल सुराग हाथ नहीं लगा है। 

खजूरी खास : वायरल वीडियो 25 फरवरी का है। इसमें हिंसा के दौरान आईबी के जवान अंकित शर्मा के हत्या आरोपी ताहिर हुसैन अपनी छत पर मौजूद दिखाई दे रहा है। उसके साथ कुछ लोग भी छत पर दिखाई दे रहे हैं। पीछे आग की लपटें और काले धुएं का गुबार नजर आ रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गुरुवार को ताहिर हुसैन को सरेंडर करने के ठीक पहले धर दबोचा है। उससे पूछताछ की जा रही है।