16 साल की बच्ची की शादी के लिए बोली लगाने जुटी भीड़

Share

7 साल पहले आई फिल्म अग्निपथ तो याद होगी। मूवी में राउफ लाला बीच चौराहे पर एक बच्ची को खड़ा कर बोली लगाता है। ठीक यही सीन अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में दोहराया गया। 20 साल से 80 साल की उम्र तक के लोग जुटे थे। 50 हजार रुपये से 16 साल की लड़की की बोली शुरू हुई। बोली लगाने वालों का नंबर आता तो बिल्कुल अग्निपथ के उस सीन की तरह बच्ची को छूते। रोने से बच्ची की आंखे लाल हो चुकी थीं। लेकिन किसी की आंखों में न तो शर्म थी और न ही मानवता। इसी बीच एक सूचना पर पुलिस पहुंची। भगदड़ मची और कई खरीदार भाग गए। 2 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। महिला सेल की सुरक्षा में बच्ची अपने परिवारवालों का इंतजार कर रही है।

अहमदगढ़ थाना इंचार्ज धनेंद्र यादव ने बताया कि रांची (झारखंड) की 16 वर्षीय लड़की की मां का करीब एक साल पहले देहांत हो गया था। उसकी सौतेली मां ने रांची के गांव पिसका नगरी नारो बस्ती की रहने वाली कलावती को 50 हजार रुपये में बेच दिया। कलावती बच्ची को लेकर नौरंगाबाद गांव में पहुंची। पूरे गांव में बच्ची के बिकने की खबर फैलाई गई। भीड़ जमा हुई तो बोली लगने लगी। बोली लगाने वालों की लाइन में 20 साल से 80 साल तक के लोग थे। एक व्यक्ति ने 80 हजार रुपये की अधिकतम कीमत लगाई थी, तभी पुलिस पहुंच गई। मौके से कलावती, खुर्जा निवासी राजेश देवी, धीरेंद्र, औरंगाबाद के गांव गंगाहारी निवासी जितेंद्र, इंद्र सिंह, अहमदगढ़ के नौरंगाबाद निवासी महेंद्र को गिरफ्तार किया गया। सौदेबाजी के लिए लगाए गए 12 हजार रुपये भी जब्त हुए हैं। दरोगा रामगोपाल की तहरीर पर इनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी

प्रत्यक्षदर्शियों (सुरक्षा के लिए इनके नाम हम छुपा रहे हैं) ने बताया कि नौरंगाबाद के महेंद्र के घर लड़की लेकर कलावती पहुंची तो आसपास खबर भेजी गई। लड़की देखने और खरीदने वालों की कुछ ही देर में भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने लाइन लगवाई। जिसका नंबर आता वह रुपये बोलता और लड़की से बातचीत करता। पहले तो लड़की को पता नहीं था, लेकिन कुछ देर बाद ही उसे बेचे जाने की जानकारी हो गई। लोगों के छूने से वह परेशान होकर रोने लगी। इसी बीच पुलिस पहुंची तो सारे खरीदार भाग गए। पुलिस को देखकर बच्ची के चेहरे पर मुस्कान आ गई। उसने पुलिस को बताया कि मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली। सौतेली मां ने उसे 50 हजार रुपये में कलावती को बेचा था।

कई लड़किया बेच चुकी है कलावती

पुलिस जांच में पता चला है कि रांची की रहने वाली कलावती कई लड़कियों को बेच चुकी है। झारखंड के अलग-अलग इलाकों से 30-50 हजार रुपये में लड़कियां खरीदती है और यहां एक लाख रुपये तक में बेचती है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि उसने बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बुलंदशहर आदि जिलों में लड़कियों को बेचा है।

वर्जन

लड़की की मां ने रांची की महिला को 50 हजार रुपये में बेचा था। शादी के नाम पर लड़की को खरीदने के लिए भीड़ जुटी थी। 2 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर जांच की जा रही है।