रविशंकर बोले, जिन्ना को ले आई है कांग्रेस लेकिन धर्म के नाम पर अब देश का बंटवारा नहीं होगा

Share

नई दिल्ली। केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि कांग्रेस जिन्ना को ले आई है। लेकिन अब देश में धर्म के नाम पर बंटवारा नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि ये विरोध CAA का विरोध नहीं है, ये नरेन्द्र मोदी जी का विरोध है। हमने बार-बार बताया कि नागरिकता संशोधन विधेयक किसी कि नागरिकता नहीं छिनता। इस देश का हर मुस्लिम नागरिक इज्जत के साथ इस देश में रहता है और रहेगा। यह बात कानून मंत्री रविशंकर ने आज प्रेस को संबोधित करते हुए कही।

रविशंकर ने कहा कि राहुल गांधी, केजरीवाल खामोश हैं, लेकिन उनके लोग खूब बोल रहे हैं। मनीष सिसोदिया बोलते हैं हम शाहीन बाग के साथ हैं। कांग्रेस के दिग्विजय सिंह और मणिशंकर अय्यर वहां जाकर क्या-क्या बोले हैं वो आप जानते हैं।आजकल कांग्रेस के नेताओं का पाकिस्तान प्रेम बहुत कौतुहल का विषय बना हुआ है। मणिशंकर अय्यर जाएंगे तो अपने सारे विचार पाकिस्तान में रखेंगे, उनके दूसरे मित्र कभी हिंदू-पाकिस्तान तो कभी जिन्ना।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मैं कांग्रेस के लोगों को एक बात साफ-साफ कहना चाहता हूं कि अब इस देश बंटवारा होने नहीं दिया जाएगा। अगर कोई ऐसा करेगा तो उसके खिलाफ शख्त कार्रवाई की जाएगी। ये कैसा हिंदुस्तान हम बनाना चाहते हैं? ये कैसी दिल्ली हम बनाना चाहते हैं? दिल्ली में कुछ लोग होंगे टुकड़े-टुकड़े के नाम पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। क्या दिल्ली में ऐसे लोगों को जगह मिलनी चाहिए जो असम को भारत से काटने की बात करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री रविशंकर ने आगे कहा कि आजकल संविधान की चर्चा बहुत होती है, संविधान में बोलने का अधिकार भी है। लेकिन यह अधिकार क्या केवल उन कुछ लोगों को ही है, जो जबरदस्ती सड़क घेरे हुए हैं। लेकिन वो लाखों लोग जो परेशान हैं, पर चुप हैं, क्या उन्हें बोलने का अधिकार नहीं है।