महिला से अवैध संबंधों का विरोध करने पर मारपीट, पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप

Share

मुरादनगर: थाना क्षेत्र के एक गांव में अवैध संबंधों का विरोध करने पर महिला को पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। गंभीर हालात में महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार ने महिला के पति और उसकी प्रेमिका के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

10 साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, मुरादनगर की एक कॉलोनी निवासी महिला की शादी 10 साल पहले एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद दोनों के 2 बच्चे भी हैं। आरोप है कि युवक का काफी समय से गांव की ही एक महिला से अवैध संबंध हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह पति काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। महिला को जानकारी हुई कि वह अपनी प्रेमिका के पास गया है। महिला ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट हो गई।

चीख-पुकार सुनकर लोगों ने बुझाई आग

महिला अपने घर आ ही रही थी कि पीछे से आए पति और उसकी प्रेमिका ने उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने आग बुझाई। सूचना पर पहुंचे परिवारवालों और पड़ोसियों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। हालत गंभीर होने पर महिला को सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार ने दोनों आरोपितों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है।