लोनी वासियों ने अनोखे ढंग से किया जनरल वीके सिंह का विरोध

Share

गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में रहने वाले लोग लोनी में विकास कार्य नहीं कराए जाने से बेहद नाराज हैं। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि जितनी बड़ी संख्या में लोनी इलाके में लोग रहते हैं उसके हिसाब से यहां किसी तरह का विकास कार्य नहीं कराया जा रहा है। जबकि लोनी नगर पालिका के चेयरमैन से लेकर विधायक सांसद भाजपा के हैं।

रविवार सुबह लोनी की इंद्रपुरी कालोनी के निवासियों ने सड़कों की बदहाली को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की। इतना ही लोगों ने ‘डियर वीके सिंह हाउज द रोड सर…’ के बैनर लेकर सांसद से सवाल किया।

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि 2017 से लेकर अब तक सड़कें खुदी पड़ी हैं, जिसके कारण कॉलोनी में धूल-मिट्टी की भरमार है। कॉलोनी में गंदगी के ढेर लगे पड़े हैं, लेकिन नगर पालिका इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। इसके अलावा लोनी इलाके में रहने वाले लोगों का यह भी कहना है कि जितना नजदीक दिल्ली राजधानी के लोनी का इलाका है उस हिसाब से यहां विकास कार्य एकदम जीरो है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे बड़ा दुख इसी बात का है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के बावजूद और विधायक-सांसद नगरपालिका के चेयरमैन भी भाजपा के होने के बावजूद यहां विकास कार्य नहीं हो पा रहा है जबकि लोगों को भारतीय जनता पार्टी के आने के बाद पूरी उम्मीद थी कि यहां विकास होगा, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है। यहां के लोग अपने आपको ठगा सा महसूस कर रहे हैं। इसके चलते लोगों ने अनोखे अंदाज में अपनी नाराजगी जाहिर की।