रांची। आईसीसी विश्व कप 2019 के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर चल रहे भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। चंद दिन पहले उन्हें झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के स्टेडियम में बिलियर्ड्स खेलते हुए देखा गया था। अब रविवार को वह देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करने पहुंचे।
मालूम हो कि कुछ दिनों पहले धोनी ने गली क्रिकेट खेलते हुए भी एक वीडियो शेयर किया था। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान धोनी इन दिनों गाड़ियों से रांची के चक्कर लगाते हुए भी खूब देखे जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक़ धोनी नवंबर तक सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि, उनके संन्यास पर भी अफवाहों का बाजार गर्म रहता है।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल और आइआइएम के निदेशक शैलेंद्र सिंह ने भी इस बीच राष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट की। राष्ट्रपति के सुबह के नाश्ते में जहां पोहा, अंकुरित मूंग, फ्रूट सलाद और जूस की व्यवस्था थी, वहीं दोपहर के खाने में राष्ट्रपति सचिवालय से पहुंचे उनके कुक ने चावल, रोटी, कद्दू की सब्जी, रायता, सलाद आदि का इंतजाम कर रखा था। रात के खाने में दाल, रोटी, खिचड़ी आदि के इंतजाम किए गए थे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और राष्ट्र की प्रथम महिला सविता कोविंद ने रविवार का दिन राजभवन में बिताया। भारी बारिश के कारण गुमला और देवघर का कार्यक्रम रद्द हो गया। राष्ट्रपति से मिलने शाम को कई मेहमान राजभवन पहुंचे। इनमें क्रिकेट स्टार महेंद्र सिंह धौनी का परिवार भी शामिल था। रात को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति के सम्मान में भोज का आयोजन किया। इसमें राष्ट्रपति और देश की पहली महिला शामिल हुईं।
शाम को क्रिकेट स्टार महेंद्र सिंह धौनी और उनकी पत्नी साक्षी अपनी बिटिया जिवा के साथ राष्ट्रपति से मिले। कुछ देर तक राष्ट्रपति ने धोनी दंपत्ति से बातचीत की। इनके अलावा आईआईएम रांची के निदेशक एसके सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल और विनय सरावगी राष्ट्रपति से मिलनेवालों में प्रमुख लोग रहे।