शंकराचार्य शिविर पहुंचे असम विधान सभा अध्यक्ष, महायज्ञ में दी आहुति

Share

शंकराचार्य शिविर पहुंचे असम विधान सभा अध्यक्ष, महायज्ञ में दी आहुति

-महाकुम्भ की दिव्य व्यवस्था देख योगी आदित्यनाथ को दिया धन्यवाद

महाकुम्भ नगर, 24 जनवरी (हि.स.)। प्रयागराज महाकुम्भ की व्यवस्था दिव्य है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जितनी प्रशंसा की जाय कम है। वे महाकुम्भ में संगम स्नान कर अभिभूत हैं। यह बात शुक्रवार को पूर्वाम्नाय गोवर्धन मठ पुरी के शंकराचार्य शिविर में बोडो जनजाति के सर्वमान्य नेता एवं असम विधान सभा के अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने कही।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन मठ पुरी के शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ के प्रति वे कृतज्ञ हैं। शंकराचार्य का पूर्वोत्तर के राज्यों के प्रति गहरा लगाव है। उनकी प्रेरणा से इन राज्यों में आध्यात्मिक चेतना प्रबल हो रही है। लोगों में सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता और अधिक बढ़ रही है। गुरु जी ने हमारे राज्यवासियों का मार्गदर्शन किया है। हम हर समय उनके साथ जुड़े हुए हैं। गुरुजी ने महाकुम्भ मेला में आने का निमंत्रण दिया था। उनके सानिध्य में महाकुम्भ मेला में मुझे यज्ञ-पूजन एवं कार्य करने का अवसर मिला है। मैं धन्य हो गया हूं। इसके लिए गुरुजी के प्रति आभारी हूँ।

भगवान शिव के अनन्य उपासक बोडो जनजाति के सर्वमान्य नेता एवं असम विधान सभा के अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने आदि शंकराचार्य के चरण पादुका की पूजा अर्चना की। वहीं महायज्ञ में आहुति देकर अपने प्रदेश की जनता की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने शिविर में दंडी स्वामियों को भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही पंगत में बैठकर भोजन भी किया।