दिल्ली में अपराध के मुद्दे पर कांग्रेस ने आआपा और भाजपा को घेरा 

Share

दिल्ली में अपराध के मुद्दे पर कांग्रेस ने आआपा और भाजपा को घेरा 

नई दिल्ली, 14 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस ने दिल्ली में अपराध के मुद्दे पर केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी और राज्य की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकारों पर निशाना साधा है और कहा है कि ऐसे हालात होने के बावजूद भी यह दोनों पार्टियों के लिए मुद्दा नहीं है।

पार्टी नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने आज पत्रकार वार्ता में कहा कि वर्तमान चुनावों में सवाल है कि क्या दिल्ली अपनी असुरक्षा पर चुप रहेगी या बड़ा फैसला लेगी? उन्होंने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि हर साल करीब 6,000 मामले किडनैपिंग से जुड़े हैं। देश में सबसे ज्यादा बच्चों के खिलाफ अपराध यहां होते हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध के करीब 85,000 मामले लंबित हैं। हर साल 4 लाख 30 हजार लोग अपराध का शिकार हो रहे हैं। आआपा के संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भाजपा अपराध पर बात नहीं करते हैं। मामला आने पर केजरीवाल धरने का ढोंग करते हैं, लेकिन महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराध पर उनके मुंह पर ताला लग जाता है। वहीं नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को दिल्ली के हाथ में दिल्ली पुलिस है। वे क्या सोचकर चुनावों में प्रचार कर हैं। इन दोनों पार्टियों के चलते दिल्ली क्राइम कैपिटल बनी हुई है। दिल्ली में केजरीवाल पुलिस का रोना रोते हैं, लेकिन जिस पंजाब में इनकी पुलिस है, वहां थाने पर बम चलाया जा रहा है।

————