रूट लिखकर टाउन में चलेंगे ई-रिक्शा और टेंपो : ट्रैफिक प्रभारी 

Share

रूट लिखकर टाउन में चलेंगे ई-रिक्शा और टेंपो : ट्रैफिक प्रभारी 

पलामू, 27 नवंबर (हि.स.)। ई-रिक्शा और टेंपो को लेकर दो माह पूर्व लिए गए निर्णय और दिए गए निर्देश का अनुपालन तेजी से कराने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। बुधवार को इस सिलसिले में डालटनगंज के कोयल पुल से सटे सद्वीक चौक के समीप टेंपो स्टैंड के पास सघन जांच अभियान चलाया गया। चार पहिया,दोपहिया और टेंपो एवं ई-रिक्शा सवारी गाड़ी की जांच की गयी। इस दौरान 16 बाइक जब्त किए गए।

चैनपुर-शाहपुर की तरफ से आने वाले सभी टेंपो सवारी गाड़ी और ई रिक्शा को कोयल पुल के पास बस-टेंपो स्टैंड के पास रोका गया। पूर्व में इस रूट के सभी टेंपो सवारी गाड़ी को इसी स्टैंड में लगाने के लिए निर्देश दिया गया था। फिर वहां से रेलवे स्टेशन, सद्वीक चौक, बस स्टैंड, हॉस्पिटल चौक के लिए दूसरी गाड़ियां मिलेंगी।

सभी टेंपो चालकों को समझाया गया और हिदायत दी गयी कि लोग अपने-अपने टेंपो पर पूर्व में जो निर्धारित रूट बनाया गया है, उसके हिसाब से जगह का नाम अवश्य लिखें और उस रूट में ही चले। नियम को पूरी कड़ाई से लागू कराया गया। इस बात की सूचना टेंपो स्टैंड के अध्यक्ष एवं उनके सदस्यों को दो माह से दी जा रही थी, लेकिन इस पर किसी ने विचार नहीं किया। इसलिए मजबूर होकर यातायात पुलिस ने यह कदम उठायी।

ट्रैफिक प्रभारी समाल अहमद ने कहा कि निर्धारित टेंपो के लिए विभिन्न प्रकार के रूट बनाये गये हैं, जैसे शाहपुर-चैनपुर की तरफ से आने वाले टेंपो का स्टैंड रूट कोयल नदी पुल के पास बस स्टैंड में होगा। सतबरवा की तरफ से आने वाली टेंपो का पड़ाव एयरपोर्ट के पास चियांकी में होगा। नावा बाजार-पड़वा की तरफ से आने वाले टेंपो का पड़ाव विस्फुटा के पास होगा। पाटन की तरफ से आने वाले टेंपो का पड़ाव टीवी टावर के पास होगा। पांकी-लेस्लीगंज की तरफ से आने वाले टेंपो वाहनों का पड़ाव पोखराहा नगर निगम बोर्ड के पास होगा। सभी टेंपो और ई रिक्शा को बार-बार यह हिदायत देकर समझा कर बताया जा चुका है। शहर में चलने के लिए ई रिक्शा-टेंपो पर निर्धारित रू्ट लिखवाना होगा। अगर जो भी निर्धारित रूट पर नहीं चलेंगे, उनकी गाड़ी को पड़कर फाइन के लिए भेजा जायेगा, क्योंकि शहर में अत्यधिक भीड़ हो रही है। बुधवार को जिला परिवहन कार्यालय से 04 टेंपो-ई रिक्शा का चालान फाइन राशि 4450 आया तथा व्यवहार न्यायालय पलामू सीजीएम कार्यालय से 6 दो पहिया वाहन का चालान फाइन राशि 11000 आया है। टोटल चालान फाइन राशि 15450 वसूला गया।

—————