फतेहाबाद में सीएम फ्लाइंग का छापा, खाद-बीज की दुकान सील 

Share

फतेहाबाद में सीएम फ्लाइंग का छापा, खाद-बीज की दुकान सील 

फतेहाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। शहर में पुराने बस अड्डे के सामने शिवालय मार्केट में स्थित एक खाद-बीज की दुकान पर मंगलवार दोपहर बाद सीएम फ्लाइंग की टीम द्वारा छापेमारी की गई। आरोप है कि इस दुकान पर एक्सपायरी डेट जाने के बाद भी खाद-बीज बेचे जा रहे थे। इसकी शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंग की टीम रेड करने पहुंची। इस दौरान कुछ एक्सपायरी डेट का सामान टीम को मिला है। इस पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने दुकान को आगामी जांच होने तक सील कर दिया है। कृषि विभाग द्वारा दुकान में रखे सामान की जांच के लिए एक टीम का गठन किया जाएगा। इस छापेमारी से आस-पास की अन्य खाद बीज व पेस्टिसाइड्स की दुकानों में भी हडक़ंप मचा रहा। इस मार्किट में अधिकतर खाद-बीज व कीटनाशक दवाओं की ही दुकानें है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिवालय मार्केट स्थित ए टू जेड एग्री स्टोर पर काफी समय से पुराने खाद बीज व अन्य सामान बेचने की सूचना थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद सीएम फ्लाइंग की टीम ने साधु राम के नेतृत्व में कृषि विभाग के एसडीओ भीम सिंह कुलडिय़ा को साथ लेकर इस दुकान पर छापेमारी की। रेड के दौरान दुकान में पड़े खाद और बीज, दवाइयों के बिलों की जांच की गई और उनकी एक्सपायरी डेट जांच की गई। बताया जा रहा है कि कुछ खाद और बीज पैकिंग एक्सपायरी डेट के बरामद हुए हैं। इसके अलावा टीम को मौके से स्टॉक रजिस्टर व बिल आदि भी नही मिले हैं। इसके बाद जांच के लिए दुकान को सील कर दिया है। दोनों विभागों की टीम फिलहाल जांच में जुटी हुई है। टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि जांच में काफी सामान एक्सपायरी डेट का मिला है। इसकी जांच के लिए कृषि विभाग को सूचित किया गया है। विभाग द्वारा इसको लेकर टीम का गठन किया जाएगा। जब तक यह दुकान सील रहेगी। पेस्टीसाइड की दुकान पर सीएम फ्लाइंग की छापेमारी की सूचना पाकर अन्य विक्रेताओं में भी खलबली मची रही और सभी अपना स्टॉक दुरुस्त करने में जुटे रहे।