स्वच्छ सारथी क्लब ने शौचालयों पर पेंटिंग के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश

Share

स्वच्छ सारथी क्लब ने शौचालयों पर पेंटिंग के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश

स्वच्छ सारथी क्लब ने शौचालयों पर पेंटिंग के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश

बरेली, 25 नवंबर (हि.स.) । स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत सुरक्षित स्वच्छता को बढ़ावा देने और स्वच्छता की आदतों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर निगम बरेली द्वारा “स्वच्छ शौचालय हमारी जिम्मेदारी” थीम पर एक अनूठा अभियान चलाया । इसके तहत “पेंट माय टॉयलेट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के स्वच्छ सारथी क्लब के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अभियान के दौरान चौपुला रोड स्थित सामुदायिक शौचालय पर पुलिस मॉडर्न स्कूल, किला थाना स्थित सामुदायिक शौचालय पर तिलक इंटर कॉलेज, और डेलापीर चौराहा स्थित सार्वजनिक शौचालय पर पी.सी. आजाद इंटर कॉलेज के छात्रों ने अपनी कला के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।

पेंटिंग के माध्यम से जागरूकता:

बच्चों ने शौचालय की दीवारों पर सुंदर पेंटिंग बनाकर साफ-सफाई के महत्व को दर्शाया। इसके साथ ही, शौचालयों में मौजूद सुविधाओं (जैसे, केयरटेकर का नाम, मोबाइल नंबर, गूगल लोकेटर आईडी) की जानकारी भी दीवारों पर प्रदर्शित की गई। छात्रों ने लोगों को शौचालय का सही इस्तेमाल करने और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

स्वच्छ शौचालय अभियान:

यह कार्यक्रम 19 नवंबर से 25 दिसंबर 2024 तक चलने वाले स्वच्छ शौचालय अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करना है।

नगर निगम बरेली की स्वच्छ भारत मिशन टीम और स्वच्छ सारथी क्लब के इस प्रयास को स्थानीय नागरिकों ने सराहा। इस पहल ने बच्चों और आम जनता के बीच स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।