खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
हमीरपुर, 22 नवम्बर (हि.स.)। शुक्रवार को पूरे जनपद में खाद की किल्लत से किसान जूझ रहा है। कहीं कहीं किसानों के आक्रोश की खबरें भी लगातार मिल रही हैं लेकिन इन सबके बावजूद भी किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
ऐसा ही एक मामला मुस्करा कस्बे में देखने को मिला जहां आज सुबह से ही क्षेत्र के किसानों ने खाद की मारामारी से परेशान होकर सडक में जाम लगा दिया। किसानों का आरोप है कि बुवाई का समय निकलता जा रहा है लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। हालांकि प्रशासन ने सीमित मात्रा में समितियों में खाद उपलब्ध करवाई है लेकिन वह नाकाफी साबित हो रही है। इससे परेशान होकर किसानों ने सडक जाम कर हंगामा शुरू किया है। किसानों को समय पर खाद न मिलने और खेत की बुवाई का काम प्रभावित होने से हंगामा करने व जाम की सूचना पर पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर किसानों को मनाने की कोशिश शुरु कर दी है। पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण भी शुरू कराया गया है लेकिन उपस्थित किसानों ने कहा है कि उन्हें मात्र दो बोरी खाद दी जा रही है जबकि आवश्यकता अधिक है। जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा वह सड़क जाम कर प्रदर्शन करते रहेगें। इसी तरह ग्राम बिगहना में भी खाद वितरण में मारा मारी होने से महिलाओं व पुरुषों की लंबी लाइने लगी हैं।
खाद पाने के लिए महिलाएं गोदाम के दरवाजे में अड़कर बैठी
गोदाम के दरवाजे में खड़ी हुई महिलाएं नाराजगी जाहिर करते हुए खाद के निकाले जाने में बाधक बन गई। जिस पर समिति में तैनात कर्मियों ने महिला पुलिस की मदद लेनी पड़ी है। साथ ही कानूनगो व लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर खाद का वितरण कराया। बिवांर क्षेत्र के भुजपुर रूरीपारा समिति में पांच सौ बोरी डीएपी खाद के आने पर शुक्रवार को खाद पाने के लिए एक सैकड़ा के करीब किसानों की समिति में भीड़ एकत्र हो गई है। खाताधारक किसानों के कर्मियों ने कागजात को तैयार कर गोदाम को खोलकर खाद के वितरित किए जाने का कार्य शुरू कर दिया है। तभी महिलाएं खाद की मांग करते हुए दरवाजे में अड़कर खड़ी हो गए। गोदाम से खाद के न निकल पाने से कर्मी परेशान हो गए हैं।
महिलाओं के गोदाम के दरवाजा से न हटने पर कर्मियों को महिला पुलिस को बुलाना पड़ा है। महिला पुलिस के समझाने पर गोदाम के दरवाजा से हटकर नीचे जमीन में बैठकर खाद के मिलने की प्रतीक्षा करने लगी हैं। लेकिन खाद के समाप्त हो जाने पर निराश होकर वापस हो गई हैं। मौदहा एसडीएम के आदेश पर कानून को विमलेश कुमार लेखपाल अनिल कुमार यादव खाद को वितरित कराने के लिए समिति में मौजूद रहे। खाद समाप्त होने पर कानूनगो लेखपाल दोनों इमिलिया गांव की समिति में वितरित कराने के लिए चले गए हैं। समिति के प्रभारी सचिव रामफल यादव ने बताया कि चेक लगी है एक और ट्रक खाद आने पर पहले महिला खाताधारकों को दी जाएगी। 600 बोरी रखी खाद बिवांर क्षेत्र के किसानों को शनिवार को वितरित की जाएगी।
—————