सोनीपत : लॉटरी के झांसे में 4.5 लाख की ठगी कर तीन जालसाज फरार
सोनीपत, 15 नवम्बर (हि.स.)। सोनीपत
के खरखौदा में एक युवक ने लॉटरी निकलने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 4 लाख 50 हजार
रुपये ठग लिए और फरार हो गया। पीड़ित भीम सिंह निवासी वार्ड-6 ने खरखौदा थाने
में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित भीम सिंह ने शुक्रवार
को बताया कि वह किसी काम से खरखौदा के दिल्ली चौक पर गया था, जहां उसे
तीन युवकों ने लॉटरी का लालच देकर फंसाया। युवकों ने उसे 4.5 लाख रुपये की लॉटरी जीतने का
झांसा दिया और कहा कि उसे यह रकम नकद दिखानी होगी, जिसके बाद ही उसे लॉटरी का पैसा
मिलेगा। युवकों के झांसे में आकर पीड़ित भीम सिंह उन्हें अपने घर ले गया और अपनी पुत्रवधू से
4.5 लाख रुपये लाने को कहा। पुत्रवधू ने बिना किसी सवाल के यह राशि ला दी, जिसे भीम
सिंह ने युवकों को सौंप दिया।
रुपये
मिलते ही युवकों में शामिल एक युवक ने भीम सिंह को स्कूटी से बाईपास स्थित एक तथाकथित ऑफिस
आने के लिए कहा। जब भीम सिंह वहां पहुंचा, तो उसे अहसास हुआ कि वहां कोई ऑफिस नहीं
था और युवक उसे धोखा देकर पैसे लेकर भाग चुके थे। पीछा करने पर भी वे युवक हाथ नहीं
आए। पीड़ित भीम सिंह का कहना है कि आरोपियों का पता आसपास के सीसीटीवी कैमरों से लगाया जा
सकता है।
खरखौदा
थाने के एएसआई संजय कुमार ने बताया कि भीम सिंह नाम के शख्स की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया
गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
—————