मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ के बीच बैठकर प्रशिक्षण का किया अवलोकन

Share

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ के बीच बैठकर प्रशिक्षण का किया अवलोकन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने रामगढ़ एवं हजारीबाग में चल रही बीएलओ ट्रेनिंग का किया भौतिक निरीक्षण

हजारीबाग/रामगढ़रांची, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अपने हजारीबाग और रामगढ़ दौरा के दौरान बीएलओ के ट्रेनिंग कार्यक्रम का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेनिंग का वीडियो सभी प्रशिक्षुओं को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि मतदान केंद्रों की साज-सज्जा एवं मतदान केंद्र के अन्दर की व्यवस्था करते समय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करें।

वह शुक्रवार को रामगढ़ के गांधी स्मारक मेमोरियल विद्यालय एवं हजारीबाग इंटर कॉलेज में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के लिए चलाए जा रहे ट्रेनिंग प्रोग्राम का भौतिक निरीक्षण कर रहे थे। कुमार ने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को अधिक समय इंतजार न करना पड़े, इस हेतु मतदाता सूचना पर्ची वितरण करते समय उसमें अंकित पार्ट नंबर और सीरियल नंबर को घेर कर अवश्य चिह्नित करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूचना पर्ची देने के बाद संबंधित मतदाताओं से उनका हस्ताक्षर अवश्य लें। विधानसभा निर्वाचन 2024 में मतदान प्रक्रिया में गति लाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया गया है, उसका अनुपालन सुनिश्चित करें। इसके अनुपालन से जहां मतदान अवधि कम होगी, वहीं मतदान प्रतिशत में इजाफा होने के साथ मतदाताओं को भी काफी सहुलियत होगी। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्त होने के बाद मतदान के लेखे से संबंधित फॉर्म 17 सी को सभी पोलिंग एजेंटों द्वारा भरावा कर ससमय उसकी रिपोर्ट करें।

इस अवसर पर हजारीबाग एवं रामगढ़ जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के पदाधिकारी उपस्थित थे।

—————