वन एवं पर्यावरण मंत्री के पास पहुंची अशोक पार्क में कटवाए गए पेड़ों की शिकायत
– स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना से मिले जिला पर्यावरण एवं गंगा समिति उप्र सरकार के नामित सदस्य
मुरादाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिला पर्यावरण एवं गंगा समिति उत्तर प्रदेश सरकार के नामित सदस्य मुरादाबाद निवासी प्रदीप सक्सेना एडवोकेट ने शुक्रवार को उप्र सरकार में वन एवं पर्यावरण स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना से बरेली में मिले।
प्रदीप सक्सेना ने डा. अरूण सक्सेना को बताया कि थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के कांठ रोड पर दीनदयाल नगर प्रथम स्थित अशोक पार्क में बड़ी संख्याओं में पीपल, आम, शीशम और अन्य कई तरह के पेड़ों को पूरी तरह जड़ से और कुछ पेड़ों के मोटे-मोटे डुग्गे भी काट दिया गए हैं। प्रदीप ने आगे बताया कि इसकी सूचना मैंने एक सप्ताह पूर्व 19 अक्टूबर को डीएफओ मुरादाबाद को दे दी थी, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदीप सक्सेना ने स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री से कहा कि एक तरफ केंद्र और प्रदेश सरकार पेड़ लगाओं पर्यावरण स्वच्छ बनाओ अभियान चलाती हैं। वहीं दूसरी तरफ बड़े-बड़े छायादा पेड़ काटे जा रह हैं। इन पेड़ों को काटने की परमिशन किससे ली गई है और किस कारण से यह पेड़ कटवाए गए, इसकी जाँच संबंधित विभाग से कराएं। इसमें जो भी दोषी हो उसके विरूद्ध उचित व कड़ी कार्रवाई हो।