अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 7 नवंबर से
जगदलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में आगामी 7 नवंबर से इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
बस्तर जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से 20 से अधिक टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें अब तक 16 टीमों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है।
बस्तर जिला फुटबॉल संघ के सचिव दिलीप दास ने बताया कि, 2015 के बाद इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हो सका था। उन्होंने कहा कि 1972 से लगातार यह प्रतियोगिता होती रही, लेकिन कोविड महामारी और अन्य कारणों के चलते इसमें विराम लग गया था।
संघ के पदाधिकारी यशवर्धन राव ने बताया कि, यह प्रतियोगिता स्वर्गीय बोड़ा मांझी की स्मृति में आयोजित होती थी। महेंद्र कर्मा के निधन के बाद यह आयोजन ठप हो गया था, लेकिन अब बस्तर के व्यापारियों और स्थानीय जनता के सहयोग से इसे फिर से शुरू किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन और ऑल इंडिया फुटबॉल संघ से अनुमति मिलने के बाद तैयारियां जोरों पर हैं। यह फुटबॉल प्रतियाेगिता पूरे 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान, बस्तर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राणा घोष, यशवर्धन राव,राजेश राव,डॉ केएल आजाद,दिलीप दास, विश्वजीत भट्टाचार्य, मौजूद रहे।
—————