फतेहाबाद : किसानों की समस्याओं को लेकर डीडीए से मिले विधायक दौलतपुरिया
फतेहाबाद, 22 अक्टूबर (हि.स.)। फतेहाबाद हलके में किसानों को आ रही समस्याओं के मद्देनजर विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने मंगलवार को जिला कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राजेश सिहाग से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अगवत करवाया। उन्होंने कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का संज्ञान लेकर उनका संज्ञान जल्द से जल्द करवाया जाए।
इस मुलाकात के उपरांत विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने कहा भाजपा सरकार आज भी कल भी किसान विरोधी थी और आज भी किसान विरोधी होने का प्रमाण दे रही है। धान के सीजन में कई कई दिनों से अपनी फसल लिए मंडियों में पड़े किसानों की फसल नहीं खरीदी जा रही है। किसान दर दर भटकने को मजबूर हैं, अनाज मंडियां फसलों से अटी पड़ी है। उठान व लदान का काम भी कछुए की चाल से किया जा रहा है, लेकिन सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। दूसरी ओर गेहूं बिजाई का समय सिर पर है और किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। गेहूं और सरसों की बिजाई का समय नजदीक है और किसान रबी फसलों की बिजाई की तैयारी कर रहे हैं।
ऐसे में समय पर डीएपी न मिलने से उनके साथ संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा किसान हितैषी होने की बात करने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वायदा किया था कि किसी भी किसान पर मुकद्दमा दर्ज नहीं किया जाएगा, जबकि कल ही पराली जलाने के मामले में ४ किसानों पर एफआईआर दर्ज की गई। विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने कहा कि किसान अपने मजे के लिए पराली नहीं जलाता बल्कि उसे मजबूर किया जाता है। खेतों में पराली प्रबंधन के लिए सरकार द्वारा मिलने वाली मशीनें पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हो रही है, किसान जगह जगह भटक रहे हैं।
अगली फसल के लिए जमीन को तैयार करने के लिए भी किसानों के पास समय कम है। इसलिए विवश होकर धान के अवशेष जलाने पर पड़ रहे हैं, ऐसे में किसानों पर कार्रवाही करना गलत है। विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने कहा कि सरकार तुरंत प्रभाव से किसानों की समस्याओं का संज्ञान ले। मंडियों में धान की खरीद में तेजी लाई जाए, किसानों को उनके क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध करवाई जाए तथा किसानों पर दर्ज मामलों को रद्द कर उन्हें उचित संसाधन या आर्थिक सहायता प्रदान करे।