रायपुर : बलिदान हुए जवानों को राजस्व मंत्री वर्मा ने दी श्रद्धांजलि
रायपुर, 20 अक्टूबर (हि. स.)। खेलकूद, युवा कल्याण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने नारायणपुर जिले में शनिवार को हुए एक बारूदी सुरंग विस्फोट के कारण बलिदान हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के दो जवानों को आज रविवार काे माना स्थित चौथी बटालियन परिसर पहुंचकर छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से श्रद्धांजलि दी।
मंत्री टंकराम वर्मा ने बलिदान हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद कहा कि, हमारी सरकार राज्य को नक्सलियों से मुक्त करने के लिए काम कर रही है। बीते 9 महीने में नक्सलियों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित अभियान के चलते नक्सलियों के हौसले पस्त हो गए हैं और अपने अस्तित्व को बचाने के लिए इस तरीके की कायराना हरकत कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि, नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा बिछाई गई एक बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से आईटीबीपी के जवान अमर पंवार और के. राजेश बलिदान हुए और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। बलिदान हुए जवान 53वीं बटालियन के थे। बलिदान हुए जवान अमर पंवार महाराष्ट्र के सतारा और के. राजेश आंध्र प्रदेश के कडप्पा के रहने वाले थे। उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान से उनके पैतृक स्थानों पर ले जाया गया है।
—————