फतेहाबाद में अब तक 79 हजार 544 मीट्रिक टन धान की खरीद, 31 प्रतिशत हुआ उठान

Share

फतेहाबाद में अब तक 79 हजार 544 मीट्रिक टन धान की खरीद, 31 प्रतिशत हुआ उठान

फतेहाबाद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिला की विभिन्न मंडियों व खरीद केंद्रों से 24 हजार 400 मीट्रिक टन धान की फसल का उठान किया गया है जोकि आवक का 31 प्रतिशत है। जिला में अब तक 79 हजार 544 मीट्रिक टन धान की फसल की खरीद हुई है। उपायुक्त मनदीप कौर ने बुधवार को जिला के किसानों से आह्वान किया है कि वे अपनी धान की फसल को सुखाकर ही मंडी या खरीद केंद्रों में लेकर आएं, ताकि उन्हें फसल बेचने में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।

उपायुक्त ने खरीद एजेंसियों को भी निर्देश दिए है कि वे मंडियों व खरीद केंद्रों में फसल खरीद के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करें। संबंधित विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसानों को अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों में फसल बेचने में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि जिला में 6204 किसानों की 79 हजार 544 मीट्रिक टन धान की फसल की खरीद हुई है, जिसमें से फूड सप्लाई ने 1095 किसानों की 17 हजार 431 मीट्रिक टन, हैफेड ने 2697 किसानों की 27 हजार 528 मीट्रिक टन तथा एचडब्ल्यूसी ने 2412 किसानों की 34 हजार 585 मीट्रिक टन धान की फसल की खरीद की है। इसके साथ ही मंडियों से धान की फसल का उठान कार्य भी किया जा रहा है। जिला में अब तक 24 हजार 400 मीट्रिक टन धान की फसल का उठान किया जा चुका है, जिसमें फूड सप्लाई ने 5 हजार 280 मीट्रिक टन, हैफेड ने 9 हजार 293 मीट्रिक टन तथा एचडब्ल्यूसी ने 9 हजार 827 मीट्रिक टन धान की फसल का उठान किया है।