सहायक अध्यापकों ने मंत्री बैद्यनाथ एवं रामेश्वर की निकाली शवयात्रा
पलामू, 14 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड राज्य सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा पलामू ने सोमवार शाम छह बजे राज्य के दो मंत्रियों शिक्षा मंत्री बैजनाथ राम, वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव एवं गिरीडीह विधायक सुदीप्य कुमार सोनू की शव यात्रा निकाली। जिला स्कूल से शवयात्रा प्रारंभ हुई और बाजार होते हुए छहमुहान पहुंचा। यहां शवनुमा पुतले को फूंका गया। मौके पर झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी एवं मांगे पूरी नहीं होने पर आक्रोश जताया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे संघर्ष मोर्चा के सदस्य सह झारखंड राज्य सहयोगी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद तिवारी ने कहा कि सरकार के साथ हमारी वार्ता 28 सितंबर को हुई थी, जिसमें सहमति बनी थी कि सहायक अध्यापकों को इपीएफ, अनुकंपा का लाभ, कल्याण कोष का लाभ आदि दिया जाएगा, लेकिन कैबिनेट में इसे पारित नहीं किया गया।
इसके पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2019 के चुनाव में कई मंचों से बोला था कि हमारी सरकार बन गई तो 3 महीने के अंदर में पारा शिक्षकों को सरकारी शिक्षक बना दिया जाएगा। दुर्भाग्य है कि बात है कि अब अगला चुनाव आ गया और अभी तक सरकार अपने वादे पर अमल नहीं कर रही है। इस तरह की वादा खिलाफी के कारण झारखंड के सहायक अध्यापकों में भारी आक्रोश है। सरकार के व्यवहार से तंग आकर संघर्ष मोर्चा ने संयुक्त रूप से आंदोलन की घोषणा की है। इसका समर्थन टेट उत्तीर्ण शिक्षकों ने भी किया है।
15 अक्टूबर मंगलवार से सहायक अध्यापक हड़ताल पर रहेंगे। 17 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
शवयात्रा में जिला मीडिया प्रभारी विनीत दुबे, जनेश्वर सिंह, इमामुद्दीन अंसारी, अजय प्रसाद गुप्ता, नेजामुददीन अंसारी, धन्नजय यादव, महेंद्र कुमार सिंह, जयराम उरांव, नान्हु बारला, दिलीप तिवारी सहित अन्य शामिल हुए।
—————