मानसून की हुई विदाई, किसान कर रहे हैं रब्बी फसलों की बुआई

Share

मानसून की हुई विदाई, किसान कर रहे हैं रब्बी फसलों की बुआई

चतरा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य में मानसून की विदाई के साथ ही किसान रब्बी फसलों की बुवाई में लग गए हैं। पिछले एक सप्ताह से चतरा जिले के कई गांवों में किसान रब्बी फसल की बुवाई कर रहे हैं। इन दिनों किसानों का कारवां सुबह होते ही खेतों की ओर रूख कर लेता है। किसान खेतों ने नमी का फायदा उठाते हुए जुताई कर रहे हैं। जुताई के बाद खेतों में बीज डाला जा रहा है। इस बार अच्छी मानसून के बाद किसान रब्बी फसल से काफी उम्मीदें लगाए हुए हैं। नमी वाले खेतों में दलहन, तेलहन समेत सब्जियों की खेती की बुआई की जा रही है। इस बार बड़े पैमाने पर आलू, सरसों, मटर, चना व अन्य फसलें लगाई जा रही है।

किसानों ने बताया कि पत्थलगडा में इस बार मानसून की स्थिति बेहतर रही। यहां वाटर लेवल रिचार्ज हो गया है। ताल-तलैया और कूप लबालब भरा हुआ है। जिससे रब्बी की खेती में पानी की किल्लत नहीं होगी। पत्थलगडा मटर की खेती में चतरा जिले में अव्वल रहता है। इस बार भी यहां एक हजार हेक्टेयर में मटर की फसल लगाने की तैयारी की जा रही है। कई किसान अपने खेतों में मटर बो भी दिए हैं। यहां से उत्पादित हरा मटर देश के कई मंडियों में जाता है और काफी डिमांड रहता है। किसान महादेव दांगी, रामेश्वर, तालेश्वर दांगी व अन्य ने बताया कि इस बार मानसून का साथ देने से धान की बेहतर पैदावार होगी। वे रब्बी फसल को लेकर भी आशान्वित हैं।

—————