फतेहाबाद : तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर लड्डू बांटकर मनाई खुशी

Share

फतेहाबाद : तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर लड्डू बांटकर मनाई खुशी

फतेहाबाद, 9 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने की खुशी में बीजेपी जिला कार्यालय में बुधवार को भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा के नेतृत्व में लड्डू बांटकर खुशी मनाई। भाजपाईयों ने एक दूसरे को लड्डू खिलाकर तीसरी बार सरकार बनने की बधाई दी। इस अवसर पर बलदेव सिंह ग्रोहा ने कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि प्रदेश के जनता को बीजेपी पर अटूट विश्वास हो गया है।

जनता ने भाजपा सरकार की स्वच्छ नीति और नियत पर विश्वास की मुहर लगाई है। भाजपा सरकार ने पादर्शिता के साथ योग्यता के आधार पर युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। प्रदेश में नॉन स्टॉप विकास कार्य हुए हैं। शहर से लेकर गांवों तक बिना किसी भेदभाव के भाजपा सरकार ने विकास कार्य करवाए हैं। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर लाभार्थी तक पहुंचाया है। ईमानदार भाजपा सरकार ने 10 सालों में हरियाणा प्रदेश को विकास में नंबर वन बना दिया है। अब तीसरी बार बनी भाजपा सरकार में हरियाणा को विकसित प्रदेश बनाने की तैयारी की जाएगी।