फतेहाबाद : पंजाब के वित्तमंत्री ने आआपा प्रत्याशी के समर्थन में किया रोड शो
पूंजीपतियों के सामने आम आदमी पार्टी ने किसान के बेटे को मैदान में उतारा, जनता दें समर्थन : हरपाल सिंह चीमा
फतेहाबाद, 3 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस बार हरियाणा की जनता पंजाब और दिल्ली की तरह बड़े राजनीतिक बदलाव का मन बना चुकी है। हरियाणा में बनने वाली अगली सरकार में आम आदमी पार्टी (आआपा) प्रमुख भूमिका निभाएगी और जनता से किए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।
गुरुवार को फतेहाबाद में आम आदमी पार्टी प्रत्याशी कमल बिसला के समर्थन में रोड शो निकालने से पूर्व हरपाल सिंह चीमा शहरवासियों को संबोधित कर रहे थे। आम आदमी पार्टी के रोड शो में उमड़े जनसैलाब से पार्टी के नेता गदगद दिखे। रोड शो के दौरान आप नेताओं का जगह-जगह लोगों ने फूलों की बरसात के साथ भव्य स्वागत किया। आम आदमी पार्टी के रोड शो में उमड़ी लोगों की भीड़ ने शहरवासियों के चुनावी मूड को पूरी तरह साफ करके रख दिया। लोगों ने कहा कि वह झूठ और लूट की राजनीति करने वाली पार्टियों से दु:खी आ चुके हैं और उनके सामने एकमात्र आम आदमी पार्टी ही विकल्प है। पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि दिल्ली और पंजाब के बाद हरियाणा के लोग भी कांग्रेस और भाजपा जैसी पार्टियों से छुटकारा पाने का मन बना चुके हैं। हरियाणा के लोग भी फ्री बिजली, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चुनाव से पहले ही भाजपा अपनी हार मान चुकी थी। जनता की आवाज को दबाने के लिए उसने अरविंद केजरीवाल को जेल भेज दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को पता था कि अगर अरविंद केजरीवाल हरियाणावासियों के बीच में पहुंचे तो एक-आध सीट जो भाजपा जितने वाली है, उस पर भी भाजपा का सुपड़ा साफ हो जाता। जनता लोकसभा चुनावों में ऐसी तानाशाही सरकार को सबक सिखा चुकी है और हरियाणा विधानसभा के चुनावों में भाजपा का पूरी तरह सफाया कर लोकतंत्र बहाली का काम करेगी।