हिंदी भाषा देश को एकता के सूत्र में बांधती है : अंजनी कुमार मिश्र
रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। रांची के कचहरी रोड स्थित विकास भवन सभागार में शनिवार को हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। प्रमंडलीय राजभाषा दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल रांची और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम हिंदी दिवस समारोह का उद्घाटन दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र ने किया।
मौके पर दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र ने कहा कि हिंदी भाषा देश को एकता के सूत्र में बांधती है। स्वतंत्रता के आंदोलन में भी हिंदी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 14 सितंबर 1949 को देश ने हिंदी को राष्ट्र भाषा और देवनागरी लिपि के रूप में अपनाया। आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2011 के जनगणना के अनुसार हिंदी बोलने और समझने वाले लोगों की आबादी 69 प्रतिशत थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आंकड़ा वर्तमान समय में 75 प्रतिशत को पार कर गया होगा।
इस दौरान उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि हिंदी भाषा एक दूसरे को जोड़ने का काम करती है। 14 सितंबर को हिंदी दिवस देश के साथ दुनिया के कई देशों में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हिंदी अंतरात्मा की भाषा है।
—————