दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर में मना आजादी का उत्सव
नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में भी गुरुवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस पर आजादी का उत्सव मनाया गया।
गुरुवार सुबह 6:30 बजे बीएपीएस स्वामिनारायण संस्था के आध्यात्मिक गुरु और प्रमुख ब्रह्मस्वरूप महंत स्वामी महाराज की उपस्थिति में कार्यक्रम की शुरुआत प्रभुस्मरण और प्रार्थना के साथ हुई। बीएपीएस के बाल और युवा मंडल ने सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति के कीर्तन प्रस्तुत किए। ब्रह्मस्वरूप महंतस्वामी महाराज ने मंदिर परिसर में भारतीय राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया। स्वामी जी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ ध्वज को सलामी दी गई। 92 वर्षीय महंतस्वामी महाराज ने राष्ट्रगान के बाद तिरंगे को सलामी दी।
इस मौके पर बीएपीएस के वरिष्ठ संत विवेकसागरदास स्वामी ने कहा कि आज हमारा कर्तव्य है कि हम देश की गौरवशाली विरासत को सुरक्षित रखें। जीवन में सदाचार लाना ही सच्ची स्वतंत्रता है।
इसके बाद ब्रह्मस्वरूप महंतस्वामी महाराज ने कहा कि आज के दिन हम प्रार्थना करें कि भारत हर क्षेत्र में अत्यधिक प्रगति करे। देश की सभी समस्याओं का जल्द समाधान हो। सभी देशवासी सुखी रहें। बाद में सभी संतों और भक्तों ने भारत की शांति और समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की। इस आजादी के उत्सव में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। भारत माता की जय के नारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।