हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में बीती देर रात पुलिस की दो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए आरोपित देहरादून के प्रॉपर्टी डीलर रवि बडोला की हत्या में फरार चल रहे थे।
इस घटना में सात आरोपित शामिल थे। घटना के बाद ही तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं दून पुलिस ने 18 जून को दो आरोपितों की गिरफ्तारी की थी। इसी कड़ी में बीती देर रात फरार दो आरोपितों योगेश और मनीष की गिरफ्तारी के बाद सभी सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तरह रवि बडोला और उसके दो दोस्तों को गोली मारने वाली घटना में शामिल सातों आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार पुलिस फरार योगेश और मनीष की तलाश में लगातार सर्चिंग ऑपरेशन चला रही थी। इसी बीच हरिद्वार पुलिस को बहादराबाद क्षेत्र में आरोपितों के आने की सूचना मिली। जैसे ही आरोपित बहादराबाद क्षेत्र में आए, तो पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग करते हुए दोनों आरोपितों ने भागने की कोशिश की। इसके जवाब में पुलिस ने भी उन पर फायर किए। पुलिस की फायरिंग में दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने मौके पर दोनों मनीष और योगेश को गिरफ्तार करते हुए अस्पताल में भर्ती कराया। मुठभेड़ की सूचना के बाद देहरादून एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे।
देहरादून के रायपुर थाना इलाके में आरोपितों ने 16 जून की रात को रवि बडोला और उनके दो दोस्तों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थी। इसके बाद वह कार लेकर शहर के रास्ते होते हुए आशारोड़ी बैरियर को तोड़कर भाग निकले थे। इन लोगों की गोलीबारी में बडोला की मौत हो गई थी, जबिक दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
18 जून को गिरफ्तार हुए अंकुश से पूछताछ में जानकारी मिली थी कि अंकुश ने अपनी पुरानी रंजिश निकालने के लिए सभी आरोपितों को गुमराह किया था। हत्याकांड को अंजाम देने के लिए अंकुश ने ही अपने साथियों को बढ़ा चढ़ाकर बडोला की सामान्य बातचीत को गलत ढंग से पेश किया था।
हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि रायपुर क्षेत्र में हुए हत्याकांड के मामले में फरार दो आरोपितों की सूचना हरिद्वार में मिली थी। बहादराबाद थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके बाद पुलिस ने बाइक पर आए दोनों आरोपितों को रोका गया तो आरोपितों ने पुलिस बल पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इससे दोनों के पैर में गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ करने के बाद दोनों को देहरादून पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा। गिरफ्तार मनीष ग्राम नारायणगढ़ थाना रेवती जनपद बलिया उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। योगेश, ललसाना थाना गंगानगर मेरठ उत्तर प्रदेश का निवासी है।