भोपाल, 10 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भोपाल स्थित गुफा मंदिर पहुंचे और सभी देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने मंडली के साथ मंच पर बैठकर भजन भी गाया। पूर्व सीएम ने कहा कि, हम सभी को सद्बुध्दि मिले, अच्छे काम कर के अपने मानव जीवन को सफल और सार्थक बनाएं यही भगवान परशुराम जी के चरणों में प्रार्थना है। हम सबका कर्तव्य है कि, हम भी न्याय पथ पर चलें, जीना वास्तव में उसी का जीना है जो दूसरों के लिए जीता है।
इसके साथ उन्होंने शुक्रवार को दो लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया मंदसौर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी सुधीर गुप्ता के समर्थन में जावद और नगरी में चुनावी सभाएं करने के साथ ही वे रतलाम लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अनीता नागर के समर्थन में सैलाना और बिरमावल में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां शिवराज ने कहा कि लखपति दीदी मेरे जीवन का मिशन है।
उन्होंने कहा, मैंने बचपन में देखा था कि, बेटा-बेटी भेदभाव किया जाता था। बहनों की तकलीफ भी देखी थी। तभी से मन में संकल्प था कि, बहन-बेटियों के जीवन में नई रोशनी लानी है। आप सभी के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बना तो सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना लागू की। आज मुझे कहते हुए गर्व है कि, मध्यप्रदेश की धरती पर 50 लाख से भी ज्यादा लाड़ली लक्ष्मियां हैं। जब सांसद, विधायक था तो कभी 20-30 ही बेटियों की शादी करवा पाता था, लेकिन मुख्यमंत्री बनकर कन्या विवाह योजना बनाई और लाखों बेटियों की शादी करवाई। फिर बहनों को स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत रिज़र्वेशन दिया, मध्यप्रदेश बहनों को रिज़र्वेशन देने वाला पहला राज्य बना।
शिवराज ने बताया कि संबल योजना के तहत बहनों को बच्चों के जन्म से पहले 4 हजार और जन्म के बाद 12 हजार रुपये देने का काम किया। ताकि बहनें भी महीना, दो महीना आराम कर सकें। फिर आई लाड़ली बहना योजना, इस योजना ने तो बहनों के जीवन में क्रांतिकारी बदलवा लाए। अब लखपति दीदी का सफर तय करना है। लखपति दीदी मतलब हर बहन की सालाना आय 1 लाख रूपए से अधिक हो। प्रधानमंत्री जी ने भी कहा कि, तीन करोड़ लखपति दीदी बनाना है।
मोदी जी अभूतपूर्व नेता हैं
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान का कहना यह भी रहा कि, मोदी जी अद्भुत, अभूतपूर्व नेता हैं। मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। एक-एक कर सभी मुद्दे हल हो गए हैं। कश्मीर से धारा 370 हट गई है, तीन तलाक जैसा काला कानून समाप्त हो गया है। आयोध्या में 500 साल का संकल्प पूरा हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता है। दुनिया के कोने-कोने में भारत माता की जय के नारे लग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब भारत माता के जयकारे लगते हैं तो हर भारतवासी का सीना गर्व से फूल जाता है। हमारा देश आज दुनिया में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और मोदी जी के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। पूर्व सीएम ने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी जी के नेतृत्व में ही हमारा भारत विश्व गुरू बनेगा और दुनिया को दिशा दिखाएगा।