बर्खास्त कर्मचारियों ने किया विधानसभा कूच, पुलिस ने रोका

Share

– 250 दिन से धरनारत् हैं बर्खास्त कर्मचारी, मांग पूरी न होने तक आंदोलन की चेतावनी

देहरादून, 28 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के नेतृत्व में कोविड-19 के बर्खास्त कर्मचारियों ने बुधवार को सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा कूच किया। हालांकि बैरिकेडिंग पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने जुलूस को रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता और बर्खास्त कर्मचारी वहीं पर धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद मौके पर आए उप जिलाधिकारी को आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि सरकार इन बर्खास्त कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन देती आ रही है। इस कारण ये कर्मचारी लगभग 250 दिन से धरना जारी रखे हुए हैं। सरकार को इन्हें तत्काल बहाल करना चाहिए। कोविड कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष राणा ने कहा कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

बर्खास्त कर्मचारियों को तत्काल बहाल करे सरकार-

राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पंत ने कहा कि पार्टी बर्खास्त कर्मचारियों के साथ है। सरकार को कोरोना काल में जान की बाजी लगाकर सेवा कार्य करने वाले कर्मचारियों को तत्काल बहाल करना चाहिए। रीजनल पार्टी की संगठन सचिव सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि यदि सरकार ने आचार संहिता से पहले इनकी मांगे नहीं मानी तो भाजपा को लोकसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।