एसएमजेएन कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

Share

हरिद्वार, 26 जनवरी (हि.स.)। हरिद्वार स्थित एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में शुक्रवार को 75वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज में निर्मित शौर्य दीवार पर देश के अमर शहीदों को पुष्पाजंली अर्पित कर तिरंगा रैली निकाली गई।

कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बत्रा ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें शहीदों के सपनों का भारत बनाने का प्रण लेना चाहिए तथा अपने देश की एकता व अखंडता पर गर्व करना चाहिए। हमें गणतंत्र को स्वाभिमान का प्रतीक बनाकर विश्व में एकता एवं अखंडता का संदेश देना है।

उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर डाॅ चन्द्र दत्त सूंठा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि हम सब मिलकर समाज में प्रचलित कुरीतियों, अंध विश्वासों व सामाजिक विकृतियों के अंधकार को दूर कर ज्ञान व चेतना के प्रकाश से भारत को आलोकित करें।

कार्यक्रम में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रस्तुत किया गया।