राजगढ़ः खेत में गाय घुसने की बात पर चलाई गोली,एक की मौत महिला समेत दो घायल

Share

राजगढ़,12 जनवरी (हि.स.)। सुठालिया थाना क्षेत्र के ग्राम पाड़लीठाकुर में शुक्रवार सुबह खेत में गाय घुसने की बात पर एक ही कुटुम्ब के लोगों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर बाप-बेटों ने गाली-गलौज करते हुए बंदूक से गोली चला दी। घटना में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

एएसआई दुर्गाप्रसाद शर्मा के अनुसार ग्राम पाड़ली ठाकुर निवासी सुरेन्द्रसिंह (35) पुत्र भंवरलाल राठौर ने बताया कि खेत में गाय घुसने की बात पर कुटुम्ब के लोगों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भूपेन्द्रसिंह पुत्र जगदीश राजपूत, उसके भाई देवेन्द्रसिंह और जगदीश पुत्र केशरसिंह ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही देवेन्द्र और भूपेन्द्र ने बंदूक से गोलियां चलाना शुरु कर दिया। घटना में भंवरलाल राठौर, राजेन्द्रसिंह और प्रभाकुंवर को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद तीनों घायलों को भोपाल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान भंवरलाल राठौर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 307, 294, 506 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद धारा 302 का इजाफा किया जाएगा।