इस बार मकर संक्रांति पर घोड़े पर सवार होकर आयेंगे सूर्यदेव

Share

14 जनवरी की रात संक्रांति होने से 15 को स्नान दान के लिए पुण्यकाल

निंबाहेड़ा, 12 जनवरी (हि.स.)। साल 2024 में मकर संक्रांति का वाहन अश्व है यानी मकर संक्रांति पर सूर्यदेव अश्व पर सवार होकर आ रहे हैं। इसका बड़ा असर देश-दुनिया पर पड़ेगा।

श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युञ्जय तिवारी ने बताया कि जब सूर्यदेव एक राशि से दूसरी राशि पर जाते हैं तो उस काल को संक्रांति कहते हैं। इस प्रकार वर्ष में 12 संक्रांतियां होती हैं। इनमें से कुछ संक्रांतियों को पर्व के रूप में मनाया जाता है, जब सूर्यदेव धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं तब मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। इस दिन सूर्य देव उत्तरायण होते हैं।

वर्ष 2024 में यह पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा। मकर संक्रान्ति के दिन गंगा स्नान, सूर्योपासना व तीर्थ स्थलों पर स्नान दान विशेष पुण्यकारी होता है। ऐसी धारणा है कि इस अवसर पर दिया गया दान सौ गुना बढ़कर पुन: प्राप्त होता है। मकर संक्रान्ति के अवसर पर गंगा स्नान एवं गंगा तट पर दान को अत्यन्त शुभ माना गया है। इस पर्व पर तीर्थ राज प्रयाग एवं गंगा सागर में स्नान को महास्नान की संज्ञा दी गई है।

मकर संक्रांति के दिन तिल का बहुत महत्व है। कहते हैं कि तिल मिश्रित जल से स्नान, तिल के तेल द्वारा शरीर में मालिश, तिल से ही यज्ञ में आहुति, तिल मिश्रित जल का पान, तिल का भोजन इनके प्रयोग से मकर संक्रांति का पुण्य फल प्राप्त होता है और पाप नष्ट हो जाते हैं। आयुर्वेद में तिल को कफ नाशक, पुष्टिवर्धक और तीव्र असर कारक औषधि के रूप में जाना जाता है। यह स्वभाव से गर्म होता है इसलिए इसे सर्दियों में मिठाई के रूप में खाया जाता है। गजक, रेवड़ियां और लड्डू शीतऋतु में ऊष्मा प्रदान करते हैं। मकर संक्रांति को अनेक स्थानों पर पतंग महोत्सव मनाए जाते हैं।