राजगढ़ः हाइवे से लगे फूदा मार्केट को प्रशासन ने सख्ती से हटाया

Share

राजगढ़, 5 जनवरी (हि.स.)। यातायात व्यवस्था को सुद्रण और दुर्घटनाओं की रोकथाम के नजरिए से चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान के तहत शुक्रवार को जिला प्रशासन ने पुलिसबल की मौजूदगी में भोपाल-ब्यावरा बाईपास पर कई सालों से लगे फुंदा मार्केट को सख्ती बरतते हुए हटाया। कार्रवाई के पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस देने के साथ मुनादी कराई गई थी। पुलिस बल के साथ पहुंचे प्रशासनिक अमले द्वारा कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से हाइवे के किनारे लगी दुकानों को हटाया गया, इसके पहले कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से पूर्व में ही दुकानें खाली कर दी थी।

गौरतलब है कि कई सालों से हाइवे के किनारे फुंदा व्यापारियों ने टीनशेड की दुकानें बनाकर अतिक्रमण कर रखा था, जिससे किनारे पर वाहनों की कतारें लगी रहती थी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बनती नजर आती थी। कार्रवाई के दौरान पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी और पुरुषोत्तम दांगी ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों का पक्ष लेते हुए कहा कि राजनैतिक द्वेषता के चलते प्रशासन सख्ती बरतते हुए लोगों को बेरोजगार कर रहा है, अपनी रोजी-रोटी की खातिर ग्रामीण सहित शहर के लोग टीनशेड की दुकानें बनाकर बसे हुए है, जिन्हें बर्वाद करने के नजरिए से प्रशासन सख्ती बरत रहा है।

एक तरफ केन्द्र व राज्य सरकार लोगों को रोजगार देने की बात कहती है वहीं लोगों के जमे हुए व्यापार को बेदखल कर रही है, हमारी मांगी है कि लोग बेरोजगार न हो इसके लिए उन्हें अतिक्रमण क्षेत्र से पीछे स्थान दिया जाए ताकि अपने रोजगार को सुचारु रुप से जारी रख सके, क्योंकि हाइवे निर्माण के समय ग्रामीणों की जमीन चली गई थी। बातचीत के दौरान एसपी धर्मराज मीना ने कहा कि हाइवे से लगी दुकानों की वजह से वाहनों की लंबी कतारें लगती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाएं बढ़ती है। वहीं यातायात व्यवस्था को सुद्रण करने व दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यह मुहिम चलाई जा रही है, जिसमें सालों से अतिक्रमण क्षेत्र में लगी दुकानों को हटाया जा रहा है।