सांस्कृतिक प्रकोष्ठ बहुत समृद्ध, लोकसभा चुनाव में जनमत बनाने में इसकी बड़ी भूमिका होगी : अखिलेश यादव

Share

लखनऊ, 03 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राजधानी लखनऊ स्थित राज्य मुख्यालय में बुधवार को दूसरे दिन भी समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ द्वारा लोक गायन, गीत, संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सभी कलाकारों को नववर्ष की शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के कलाकारों के गीत देर तक सुनते रहे।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का सांस्कृतिक प्रकोष्ठ बहुत समृद्ध है। इस प्रकोष्ठ की आगामी लोकसभा चुनाव में जनमत बनाने में बड़ी भूमिका होगी। अखिलेश ने सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के सभी कलाकारों को आह्ववान किया कि वे प्रकोष्ठ के संयुक्त कार्यक्रम से पूरे प्रदेश में दर-दर जाकर अलख जगा दें, जिससे भाजपा सरकार से छुटकारा मिले। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं हिंदी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में यश भारती सम्मान से कलाकारों, लेखकों तथा अन्य क्षेत्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया था। उन्हें पेंशन देने की भी व्यवस्था की गई थी। भाजपा सरकार ने आते ही इसे रद्द कर दिया।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने कला-संस्कृति का जो अपमान किया है, उससे सभी कलाकारों को अपने गायन से भाजपा के खिलाफ जनमत बनाना और सत्ता से बेदखल करने के लिए जनता को जागरूक करना है। कलाकार अपने कार्यक्रमों से समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाकर लोकतंत्र बचाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। इस बार धर्म जाति की लड़ाई से ऊपर उठकर लोकसभा चुनाव में संविधान एवं लोकतंत्र को बचाने के लिए पीडीए केन्द्र की भाजपा सरकार को हटाएगा।

कलाकारों ने संकल्प लिया कि अखिलेश यादव को पूरी ताकत से दिल्ली पहुंचाएंगे। जनता का भरोसा उन पर है। वही सबके आशा केन्द्र हैं।

कार्यक्रम का संचालन समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव और प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी ने किया। समाजवादी पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के दर्जनों राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों ने समाजवादी पार्टी और समाजवादी आंदोलन से जुड़े गीत-संगीत और नृत्य के कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सपेरों ने बीन की धुनपर अपना नृत्य पेश किया।

इस अवसर पर बलराम यादव, राजेंद्र चौधरी एवं दुर्गा प्रसाद यादव, अभिषेक मिश्रा, (पूर्व कैबिनेट मंत्री) प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सहित पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह एवं कनकलता सिंह, रविदास मेहरोत्रा विधायक, संग्राम सिंह यादव विधायक, विधायक आशु मलिक एवं आनंद माधव, जयशंकर पाण्डेय पूर्व विधायक, लल्लन यादव एवं राकेश यादव गुड्डू पूर्व एमएलसी, मोहम्मद एबाद, वीरपाल सिंह यादव, इमाम टीले वाली मस्जिद समेत बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।