शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में नौ पर केस दर्ज

Share

-पुलिस उपमहानिरीक्षक के आदेश पर थाना सिविल लाइन ने दर्ज किया मुकदमा

मुरादाबाद, 03 जनवरी (हि.स.)। थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस उपमहानिरीक्षक को दी तहरीर में शादीशुदा युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपित और उसके परिजनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर बुधवार को युवक समेत नौ आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पीड़ित महिला ने डीआईजी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें महिला ने बताया था कि पांच साल पहले उसके पति की मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद से सिविल लाइंस की आदर्श कॉलोनी निवासी कपिल कुमार ने उससे नजदीकियां बढ़ा ली थी। दो नवम्बर 2023 को उसने एक बच्चे को जन्म दिया।

पीड़िता का आरोप है कि बच्चा पैदा होने के बाद 25 दिसंबर की रात करीब आठ बजे कपिल और उसके परिवार वालों ने उसे जान से मारने की कोशिश की। पुलिस क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि कि आज डीआईजी के आदेश पर पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले में आरोपित कपिल, उसके पिता शिवनंदन, भाई नितेश, मौसा सर्वेश, मां, मौसी, सास, कपिल की पत्नी और एक अन्य महिला समेत नौ के खिलाफ केस दर्ज दर्ज किया गया है।